Zee Entertainment Shares: जी एंटरटेनमेंट के शेयरों में आज 28 अगस्त को लगातर दूसरे दिन तेजी देखी गई। कंपनी का शेयर इन 2 दिनों में करीब 12.5 फीसदी उछल चुका है और इसका भाव 154.84 रुपये तक पहुंच गया। यह तेजी इस खबर के बाद आई कि जी एंटरटेनमेंट (Zee Entertainment) और सोनी (Sony) ने लगभग तीन साल से चले रहे आ रहे मर्जर विवादों का सुलझाने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किया है। इस समझौते के तहत दोनों कंपनियों ने एक-दूसरे पर से 9 करोड़ डॉलर के टर्मिनेशन फी और अन्य सभी दावों को वापस ले लिया है।
जहां यह खबर ZEE के लिए एक राहत लेकर आई है, वहीं कई ब्रोकरेज हाउस अभी भी कंपनी के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। Emkay के एनालिस्ट्स का मानना है कि तीन साल का लंबा विवाद अब खत्म हुआ है, लेकिन कंपनी के सामने अभी भी दूसरी कानूनी चुनौतियां बनी हुई हैं। इसमें Disney से क्रिकेट टीवी राइट्स खरीदने के समझौते से पीछे हटने के मामले में चल रहा केस और Punit Goenka के खिलाफ SEBI की जांच आदि शामिल हैं।
दूसरी ओर, Citi ने ZEE एंटरटेनमेंट के शेयरों को 'सेल' रेटिंग दी है और इसका टारगेट प्राइस 137 रुपये प्रति शेयर रखा है। Citi का मानना है कि समझौते के बाद निवेशकों की चिंताएं कुछ हद तक कम होंगी, लेकिन कंपनी के बिजनेस फंडामेंटल्स पर ध्यान देना जरूरी होगा।
हालांकि, UBS ने ZEE एंटरटेनमेंट को लेकर 'न्यूट्रल' रुख अपनाया है और शेयर का टारगेट प्राइस 180 रुपये प्रति शेयर तय किया है। UBS के मुताबिक, Sony के साथ समझौते के चलते कंपनी पर एक बड़ा दबाव खत्म हो गया है, जिससे इसका प्रदर्शन बेहतर हो सकता है।
बता दें कि सोनी पिक्चर्स ने इस साल की शुरुआत में ZEE एंटरटेनमेंट के साथ 10 अरब डॉलर के प्रस्तावित मर्जर को रद्द कर दिया था। इसके बाद दोनों कंपनियों ने एक-दूसरे पर 90 मिलियन डॉलर की टर्मिनेशन फी का दावा किया था।
Emkay Global ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि मर्जर विवाद खत्म करने का समझौता जरूर एक बड़ी राहत है, लेकिन कंपनी के शेयर का सही रिवैल्यूएशन तब ही संभव होगा जब कोई नया पार्टनर या खरीदार सामने आए। कंपनी ने हाल ही में फंड जुटाने की कोशिश की थी, जिसमें कोई बड़ा रणनीतिक निवेशक नहीं आया, जो निवेशकों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। Emkay ने ZEE एंटरटेनमेंट पर 'रिड्यूस' रेटिंग बरकरार रखते हुए टारगेट प्राइस 150 रुपये प्रति शेयर रखा है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।