प्रधानमंत्री ने उद्घाटन के बाद ट्रेन में सवार होकर गांधीनगर से अहमदाबाद के कालूपुर स्टेशन तक यात्रा भी की। PMO ने कहा कि इससे गुजरात के कारोबारियों को अहमदाबाद से गांधीनगर आने जाने के दौरान हवाई यात्रा जैसी सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्हें हवाई जहाज के महंगे किराए का बोझ भी नहीं उठाना होगा।
इस ट्रेन में सभी कैटेगरी में बैठने की सीटें हैं, जबकि एग्जिक्यूटिव कोच में 180 डिग्री घूमने वाली सीटों की अतिरिक्त सुविधा है। प्रत्येक कोच में 32 इंच की स्क्रीन है, जो यात्रियों से संबंधित सूचना प्रदान करने के साथ-साथ मनोरंजन भी करेगी।
ट्रेन में सफर के दौरान प्रधानमंत्री ने रेल कर्मचारियों के परिवार के सदस्यों, महिला उद्यमियों और अनुसंधानकर्ताओं और युवाओं सहित अपने सह-यात्रियों के साथ भी बातचीत की। उन्होंने वंदे भारत ट्रेनों को सफल बनाने के लिए कड़ी मेहनत करने वाले श्रमिकों, इंजीनियरों और अन्य कर्मचारियों के साथ भी बातचीत की।
पीएमओ ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन अधिक उन्नत और बेहतर सुविधाओं से लैस है। केवल 52 सेकंड में इसकी गति 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे हो जाएगी। इसकी अधिकतम गति 180 किलोमीटर प्रति घंटे तक होगी।
मुंबई से अहमदाबाद के एग्जिक्यूटिव कोच का किराया 2,505 रुपये है जबकि चेयर कार कैटेगरी का किराया 1,385 रुपये है। वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए रेलवे ने मुंबई और अहमदाबाद के बीच चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस के संचालन के समय में परिवर्तित किया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के डिब्बों का निरीक्षण किया और उसमें उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने ट्रेन के लोकोमोटिव इंजन के कंट्रोल सेंटर का भी निरीक्षण किया।
प्रधानमंत्री के साथ इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी थे।
गांधीनगर से यह ट्रेन दोपहर 2.05 बजे रवाना होगी और रात 8.35 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी। इस दौरान यह ट्रेन सूरत, वडोदरा और अहमदाबाद स्टेशन पर रुकेगी। पीएमओ ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस एक गेम चेंजर साबित होगी और भारत के दो व्यापारिक शहरों के बीच संपर्क को बढ़ावा देगी।
अधिकारी ने बताया कि यह ट्रेन यात्रियों को बेहतर और फ्लाइट में सफर करने जैसा अनुभव प्रदान करेगी। गांधीनगर-मुंबई वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस एक अक्टूबर से आम जनता के लिए शुरू होगी। रविवार को छोड़कर यह सप्ताह में 6 दिन संचालित होगी। मुंबई सेंट्रल स्टेशन से यह ट्रेन सुबह 6.10 बजे रवाना होगी और दोपहर 12.30 बजे गांधीनगर पहुंचेगी।
वंदे भारत ट्रेन में 16 कोच होंगे और महज 140 सेंकेड के भीतर यह 160 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार पकड़ सकती है। इस ट्रेन में विमान जैसे बायो-वैक्यूम शौचालय की सुविधा होगी। दिव्यांगों के लिए अलग से शौचालय की व्यवस्था रहेगी।
Story continues below Advertisement