Bangladesh Protests: बांग्लादेश में छात्र क्यों कर रहे हैं विरोध-प्रदर्शन और क्या है उनकी मांगें? अब तक 32 लोगों की हो चुकी है मौत

Bangladesh violence: राजधानी ढाका और अन्य शहरों में विश्वविद्यालय के छात्र 1971 में पाकिस्तान से देश की आजादी के लिए लड़ने वाले युद्ध नायकों के रिश्तेदारों के लिए सार्वजनिक क्षेत्र की कुछ नौकरियों को आरक्षित करने की सिस्टम के खिलाफ कई दिनों से रैलियां कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच बड़ी झड़पें राजधानी के उत्तरा इलाके में हुईं

अपडेटेड Jul 19, 2024 पर 10:25 AM
Story continues below Advertisement
Bangladesh violence: हिंसा भड़कने से कम से कम 32 लोगों की मौत हो गई है और 2,500 से अधिक घायल हैं (REUTERS Photo)

Bangladesh’s anti-quota protests: बांग्लादेश में सरकारी नौकरियों के लिए आरक्षण सिस्टम में सुधार की मांग को लेकर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान राजधानी ढाका तथा अन्य जगहों पर हिंसा भड़कने से कम से कम 32 लोगों की मौत हो गई है और 2,500 से अधिक लोग घायल हो गए। गुरुवार (18 जुलाई) को विरोध प्रदर्शन ने और भी भयानक रूप ले लिया, जब प्रदर्शनकारी छात्रों ने देश के सरकारी ब्रॉडकास्टर को आग लगा दी। एक दिन पहले प्रधानमंत्री शेख हसीना ने बढ़ते संघर्ष को शांत करने के लिए नेटवर्क पर दिखाई दी थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने ढाका के रामपुरा इलाके में सरकारी बांग्लादेश टेलीविजन भवन की घेराबंदी कर दी। इसके अगले हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया और वहां खड़े अनेक वाहनों को आग लगा दी। इससे वहां पत्रकारों सहित कई कर्मचारी फंस गए। निजी सोमॉय टेलीविजन चैनल ने कहा कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए रबड़ की गोलियों, आंसू गैस और ध्वनि ग्रेनेड का इस्तेमाल जारी रखा।

राजधानी ढाका और अन्य शहरों में विश्वविद्यालय के छात्र 1971 में पाकिस्तान से देश की आजादी के लिए लड़ने वाले युद्ध नायकों के रिश्तेदारों के लिए सार्वजनिक क्षेत्र की कुछ नौकरियों को आरक्षित करने की सिस्टम के खिलाफ कई दिनों से रैलियां कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच बड़ी झड़पें राजधानी के उत्तरा इलाके में हुईं जहां कई निजी विश्वविद्यालय स्थित हैं।


घर में कैद हुए लोग

कई कार्यालयों ने अपने कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा। ढाका और देश के बाकी हिस्सों के बीच बस सेवाएं भी बंद रहीं और लोग घरों में ही रहे। स्थानीय बाजारों और शॉपिंग मॉल में सीमित प्रवेश बिंदु खुले थे। सड़क किनारे कुछ दुकानें खुली दिखाई दीं, जबकि अन्य बंद रहीं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मौजूदा आरक्षण सिस्टम के चलते बड़े पैमाने पर मेधावी छात्र सरकारी सेवाओं से वंचित हो रहे हैं।

कानून मंत्री अनीसुल हक ने कहा कि सरकार ने प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ बातचीत के लिए बैठक करने का फैसला किया है। कानून मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री शेख हसीना द्वारा बुधवार को किए गए वादे के अनुसार हिंसा की जांच के लिए हाई कोर्ट के जज खोंडकर दिलिरुज्जमां के नेतृत्व में गुरुवार को एक न्यायिक जांच समिति का गठन किया गया।

क्या हो रहा है विरोध-प्रदर्शन?

पिछले महीने बांग्लादेश हाई कोर्ट द्वारा सरकारी नौकरियों के लिए कोटा सिस्टम को बहाल करने के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार द्वारा इसे खत्म करने के 2018 के फैसले को पलट दिया गया था। हालांकि, सरकार की अपील के बाद सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के आदेश को स्थगित कर दिया और सरकार की चुनौती पर सुनवाई के लिए 7 अगस्त की तारीख तय की। प्रदर्शन तब और बढ़ गए जब शेख हसीना ने अदालती कार्यवाही का हवाला देते हुए छात्रों की मांगों को पूरा करने से इनकार कर दिया।

इस सप्ताह हजारों कोटा विरोधी प्रदर्शनकारियों और हसीना की अवामी लीग पार्टी के छात्र विंग के सदस्यों के बीच झड़पों के बाद वे हिंसक हो गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए रबर की गोलियां, आंसू गैस और शोरगुल वाले ग्रेनेड का भी इस्तेमाल किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।

हिंसा के कारण अधिकारियों ने गुरुवार दोपहर से ढाका से आने-जाने वाली रेल सेवाओं के साथ-साथ राजधानी के अंदर मेट्रो रेल को भी बंद कर दिया। सरकार ने देश के कई हिस्सों में मोबाइल इंटरनेट नेटवर्क को बंद करने का भी आदेश दिया। आउटेज मॉनिटर नेटब्लॉक्स के अनुसार, बांग्लादेश में "लगभग पूरी तरह से इंटरनेट बंद" हो गया है।

इससे पहले गुरुवार को, बांग्लादेश पुलिस की वेबसाइट को एक्सेस नहीं किया जा सका और सत्तारूढ़ अवामी लीग की छात्र शाखा, बांग्लादेश छात्र लीग की वेबसाइट को हैक कर लिया गया। बांग्लादेश सरकार ने बढ़ते विरोध प्रदर्शनों के बीच स्कूलों और विश्वविद्यालयों को अनिश्चित काल के लिए बंद करने का भी आदेश दिया है।

छात्र क्या मांग कर रहे हैं?

प्रदर्शनकारी छात्र कोटा सिस्टम को समाप्त करने की मांग कर रहे हैं, जिसके तहत आधे से अधिक सरकारी नौकरियां विशिष्ट समूहों के लिए आरक्षित हैं, जिनमें पाकिस्तान के खिलाफ देश के 1971 के मुक्ति संग्राम के दिग्गजों के बच्चे भी शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- Tel Aviv Blast: इजरायल के तेल अवीव शहर में दूतावास के पास बम धमाका, बम निरोधक टीम मौके पर मौजूद

क्या है मौजूदा आरक्षण व्यवस्था?

वर्तमान आरक्षण सिस्टम के तहत 56 प्रतिशत सरकारी नौकरियां आरक्षित हैं, जिनमें से 30 प्रतिशत 1971 के मुक्ति संग्राम के स्वतंत्रता सेनानियों के वंशजों के लिए, 10 प्रतिशत पिछड़े प्रशासनिक जिलों, 10 प्रतिशत महिलाओं, 5 प्रतिशत जातीय अल्पसंख्यक समूहों और 1 फीसदी नौकरियां दिव्यांगों के लिए आरक्षित हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।