Bangladesh Protest: बांग्लादेश में फिर छिड़ी हिंसा, दो लोगों की मौत 100 से ज्यादा घायल, शेख हसीना ने की बातचीत की अपील

Bangladesh Protest Violence: बांग्लादेश में हाल में पुलिस और मुख्य रूप से प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच हिंसक झड़पें हुईं, जो विवादित आरक्षण सिस्टम को खत्म करने की मांग कर रहे थे। 1971 का बांग्लादेश मुक्ति संग्राम लड़ने वाले पूर्व सैनिकों के रिश्तेदारों के लिए, इस कोटा सिस्टम के तहत सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण दिया गया था

अपडेटेड Aug 03, 2024 पर 10:16 PM
Story continues below Advertisement
Bangladesh Protest: बांग्लादेश में फिर छिड़ी हिंसा, दो लोगों की मौत 100 से ज्यादा घायल

बांग्लादेश में छात्र आंदोलन के नेताओं ने प्रधानमंत्री शेख हसीना के बातचीत के न्योते को ठुकरा दिया और राजधानी ढाका की मुख्य सड़कों को प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया, जिसके के बाद शनिवार को फिर से तनाव फैल गया। यह स्थिति आरक्षण विरोधी प्रदर्शनों में 200 से ज्यादा लोगों की मौत होने के कुछ दिन बाद पैदा हुई है। शुक्रवार को इन प्रदर्शनों में दो लोगों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा घायल हो गए। प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे की मांग को लेकर हजारों लोगों ने ढाका और बांग्लादेश के दूसरे हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किया।

बांग्लादेश में हाल में पुलिस और मुख्य रूप से प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच हिंसक झड़पें हुईं, जो विवादित आरक्षण सिस्टम को खत्म करने की मांग कर रहे थे। 1971 का बांग्लादेश मुक्ति संग्राम लड़ने वाले पूर्व सैनिकों के रिश्तेदारों के लिए, इस कोटा सिस्टम के तहत सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण दिया गया था।

प्रधानमंत्री ने बातचीत के लिए बुलाया


प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि प्रदर्शनकारी छात्रों ने ढाका की प्रमुख सड़कों को ब्लॉक कर दिया, जिससे ट्रैफिक जाम हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों की तरफ से शहर के अलग-अलग जगहों पर रैली निकालने के कारण सुरक्षा बलों को कड़ी निगरानी रखने का आदेश दिया गया है।

शुक्रवार को, प्रधानमंत्री हसीना ने आंदोलनकारी छात्रों से सरकारी नौकरियों में कोटा सिस्टम को लेकर हो रही हिंसा को खत्म करने के लिए बातचीत के लिए अपने सरकारी आवास गणभवन पर मिलने की अपील की थी।

2000 से ज्यादा प्रदर्शनकारी इकट्ठा हुए

शुक्रवार को फिर से विरोध प्रदर्शन होने पर दो लोगों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा घायल हुए हैं। राजधानी ढाका के कुछ हिस्सों में 2,000 से ज्यादा प्रदर्शनकारी इकट्ठा हो गए थे और उनमें से कुछ लोग ‘‘तानाशाह मुर्दाबाद’’ के नारे लगा रहे थे और पीड़ितों के लिए न्याय की मांग कर रहे थे।

हसीना ने अलग-अलग पेशेवर समूहों के नेताओं के साथ बैठक के दौरान कहा, "मैं फिर कह रही हूं कि वे (छात्र नेता) अगर चाहें तो बातचीत के लिए मेरे पास आ सकते हैं, वे अपने अभिभावकों को भी किसी भी समय अपने साथ ला सकते हैं।"

उन्होंने कहा, "गणभवन का दरवाजा (उनके लिए) खुला हुआ है।" हसीना ने कहा, "मैं उनकी बात सुनना चाहती हूं। मैं टकराव नहीं चाहती।"

दो अधिकारी सस्पेंड

सत्तारूढ़ अवामी लीग के सूत्रों ने कहा कि पार्टी के तीन नेताओं को आरक्षण विरोधी आंदोलन के समन्वयकों से बातचीत करने और उन्हें समझाने-बुझाने का काम सौंपा गया है।

इस बीच, दो पुलिस अधिकारियों को उनके ‘‘गैर-पेशेवर आचरण’’ के लिए बड़े अधिकारियों ने निलंबित कर दिया। इन अधिकारियों ने गोलियां चलाई थीं, जिसमें नॉर्थवेस्टर्न रंगपुर यूनिवर्सिटी के ग्रेजुएट सेकेंड ईयर के छात्र अबू सईद की मौत हो गई, जिससे छात्रों का गुस्सा और बढ़ गया।

Ismail Haniyeh Killed: कैसे की गई हमास के नेता इस्माइल हानिया की हत्या, ईरान ने बताया पूरा प्लान

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।