COVID wave : महामारी के तीसरे साल में पहुंचने के साथ हम अभी तक कम से कम कोविड की तीन लहर देख चुके हैं। हर लहर की वजह एक नया वेरिएंट रहा है। हालांकि, वैज्ञानिकों की राय है कि वायरस विकसित हो रहा है और एक ही वेरिएंट कई लहर लाने में सक्षम है। उदाहरण के लिए, ओमीक्रोन (Omicron) के BA.1, BA.2, BA.2.12.1, BA.4 और BA.5 सब वेरिएंट लहर पैदा कर रहे हैं।
साउथ अफ्रीका में आ सकती है पांचवीं लहर
यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब साउथ अफ्रीका संक्रमण के मामले बढ़ने के साथ पांचवीं कोविड लहर (COVID wave) की ओर बढ़ रहा है। ऐसा लगता है कि इस बार लहर की वजह BA.4 और BA.5 ओमीक्रोन सब वेरिएंट्स (Omicron sub variants) बन रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने पिछले महीने कहा था कि इसके सब लीनिएज्स (sub-lineages) उसकी निगरानी सूची में हैं।
पहली बार Omicron BA.4 और BA.5 के सामने आने की पुष्टि करने वाले साउथ अफ्रीका के इपिडेमियोलॉजिस्ट ट्यूलिओ डि ओलिविरा (Tulio de Oliveira) ने संकेत किए कि यह वेरिएंट के विकास पर पुनर्विचार करने का भी समय है।
साउथ अफ्रीका में 30 फीसदी आबादी का ही टीकाकरण
Covid-19 से एक लाख लोगों की आधिकारिक मौत और तीन गुनी ज्यादा मौतों के आंकड़ों को ध्यान में रखा जाए तो अफ्रीका के भीतर साउथ अफ्रीका सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। इसके अलावा, साउथ अफ्रीका की सिर्फ 30 फीसदी आबादी ने ही अभी तक कोरोनावायरस (coronavirus) से बचाव के लिए वैक्सीन लगवाई है।
एंटीबॉडीज को चकमा दे सकते हैं Omicron BA.4, BA.5
रविवार को एक नई स्टडी सामने आई कि ओमीक्रोन सबलीनिएज्स- BA.4 और BA.5 पहले के संक्रमण से बने एंटीबॉडीज को चकमा दे सकते हैं, जिससे एक नई लहर पैदा हो सकती है। हालांकि, अच्छी खबर यह है कि कोविड-19 से बचाव के लिए वैक्सीन लगने वाले लोगों में यह कम सक्षम है।
वैक्सीन लगवाने वाले 5 गुने ज्यादा सुरक्षित
स्टडी के लिए, उन्होंने पूर्व में ओमीक्रोन से संक्रमित हो चुके 39 लोगों के ब्लड के सैम्पल लिये। यह नमूने पिछले साल के अंत में लिए गए थे, जब यह पहली बार दिखाई दिया था। इनमें 15 के वैक्सीन लग चुकी थी, जबकि 24 ने वैक्सीन नहीं लगवाई थी।
स्टडी के मुताबिक, “वैक्सीन लगवा चुके लोगों में वायरस को निष्क्रिय करने की क्षमता पांच गुनी ज्यादा थी और वे ज्यादा सुरक्षित होने चाहिए।”