Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच पिछले एक साल से जारी यूद्ध के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden in Kyiv) अचानक सोमवार को यूक्रेनी राजधानी कीव पहुंच गए। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की (Volodymyr Zelenskyy) के साथ बाइडेन का एक वीडियो सामने आया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के आदेश पर रूसी सैनिकों ने यूक्रेन पर 24 फरवरी 2022 को हमला किया था।
इस हमले के पीछे पुतिन का मकसद एक ही था यूक्रेन पर कब्जा करना। लेकिन यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की को ये मंजूर नहीं था, लिहाजा आज एक साल बाद भी ये युद्ध जारी है। अपनी यात्रा के दौरान बाइडेन ने यूक्रेन को हर संभव मदद करने का वादा किया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उनकी कीव यात्रा का उद्देश्य यूक्रेन के लोकतंत्र, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता की पुष्टि करना है। बाइडेन की ये एक सरप्राइज विजिट मानी जा रही है क्योंकि इससे पहले इस दौरे को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
व्हाइट हाउस द्वारा एक बयान के मुताबिक, बाइडेन ने कहा है कि यूक्रेन की नए सिरे से मदद की जाएगी। बयान में राष्ट्रपति बाइडेन ने जोर देकर कहा है कि अमेरिका लगातार यूक्रेन के समर्थन में खड़ा है और उसे हर तरह की सहायता दी जाएगी। जेलेंस्की ने भी अमेरिकी राष्ट्रपति के इस दौरे पर खुशी जाहिर करते हुए कहा है कि ये यूक्रेन के लिए अमेरिका का खुला समर्थन है।
बाइडेन ने कहा कि एक साल पहले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को लगा था कि वे यूक्रेन को आसानी से हरा देंगे, पश्चिमी देश एक नहीं हैं। ऐसे में उन्हें कोई चुनौती नहीं मिलेगी। लेकिन वे पूरी तरह गलत साबित हुए। बयान में अमेरिकी राष्ट्रपति ने ये भी बताया है कि वे यूक्रेन की सहायता के लिए और कई ऐलान करने वाले हैं। इसमें हथियार से लेकर दूसरे जरूरी संसाधन शामिल हैं। बाइडेन ने यूक्रेन को एयर सर्विलांस रडार देने का ऐलान किया है।