Nigeria Shooting: उत्तरी-मध्य नाइजीरिया (North-Central Nigeria) के एक गांव में बंदूकधारियों ने दो हमलों में कम से कम 50 लोगों की हत्या कर दी। ओटुक्पो की स्थानीय सरकार के प्रमुख रुबेन बाको (Ruben Bako) ने बताया कि बेन्यू राज्य के उमोगिदी गांव (Umogidi village in Benue state) में बुधवार को बंदूकधारियों ने 47 लोगों की हत्या कर दी। एक दिन पहले इसी जगह पर तीन अन्य लोगों की हत्या कर दी गई थी।
बेन्यू राज्य पुलिस और एनेनी सेवुइस ने हमले की पुष्टि करते हुए न्यूज एजेंसी AP को बताया कि हमलावरों ने एक बाजार में आग लगा दी थी। हालांकि, सेवुइस ने बताया कि हमले में एक पुलिस अधिकारी सहित आठ लोग मारे गए।
अधिकारियों ने बताया कि हमले का मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि दोनों हमलों के एक-दूसरे से जुड़े होने की आशंका है। फिलहाल, किसी संगठन ने भी अभी तक हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
अधिकारियों ने कहा कि उन्हें संदेह है कि स्थानीय चरवाहों ने ग्रामीणों पर ये हमले किए, क्योंकि पहले भी उत्तरी-मध्य नाइजीरिया में जमीन विवाद को लेकर किसानों के साथ उनके कई झगड़े हो चुके हैं।
किसानों ने चरवाहों पर (ज्यादातर फुलानी मूल के) अपने पशुओं को उनके खेतों में चराने और उनकी फसलों को नष्ट करने का आरोप लगाया।
बेन्यू राज्य को भरपूर फसल के कारण "नाइजीरिया की खाद्य टोकरी" के रूप में जाना जाता है। नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिम और मध्य क्षेत्रों में कृषि समुदायों और घुमंतू पशु चरवाहों के बीच दशकों से चले आ रहे संघर्षों में सबसे भयानक झगड़ों में से एक है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इन बार-बार होने वाले झगड़ों के कारण राज्य की कृषि उपज में पिछले कुछ वर्षों में भारी कमी आई है। इन क्षेत्रों में परिवारों की संख्या लगातार सिकुड़ती जा रही है, जहां बहुत से गरीब और भूखे रहते हैं।