Pakistan Crisis: कंगाल पाकिस्तान के पास खाने के लिए नहीं है पैसे, लेकिन VVIP के लिए 2,000 लग्जरी कारों का करेगा आयात

Pakistan Economic Crisis: रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के पास सिर्फ छह हफ्तों तक आयात को बनाए रखने के पैसे बचे हैं। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को लोन के लिए दुनिया के सामने गिड़गिड़ाना पड़ रहा है। चीन, सऊदी अरब और UAE जैसे उसके दोस्‍त देशों ने अब हाथ खींच लिए हैं। पाकिस्तान ने 2022 के जुलाई से दिसंबर के बीच 164 लग्जरी इलेक्ट्रिक वाहनों का आयात किया है

अपडेटेड Jan 30, 2023 पर 12:03 PM
Story continues below Advertisement
Pakistan Economic Crisis: पाकिस्तान के पास भले ही खाने को पैसे न हों, लेकिन वह VVIP के लिए जमकर लग्जरी विदेशी कारों का आयात कर रहा है

Pakistan Economic Crisis: नकदी संकट से जूझ रहे पाकिस्तान (Pakistan) के पास विदेशी मुद्रा भंडार लगातार कम होता जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के पास सिर्फ छह हफ्तों तक आयात को बनाए रखने के पैसे बचे हैं। खाने-पीने की चीजों में भयंकर बढ़ोतरी हुई है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को लोन के लिए दुनिया के सामने गिड़गिड़ाना पड़ रहा है। चीन, सऊदी अरब और UAE जैसे उसके दोस्‍त देशों ने अब हाथ खींच लिए हैं। पाक अब IMF से कर्ज लेने के लिए मदद की भीख मांग रहा हैं। विदेशी मुद्रा संकट से जूझ रहे पाकिस्तान ने लगभग सभी आयातों को रोक दिया है। एक तत्काल बेलआउट पैकेज के बारे में बात करने के लिए IMF की एक टीम इस सप्ताह देश का दौरा करने वाली है।

इस बीच, खबर है कि पाकिस्तान के पास भले ही खाने को पैसे न हों, लेकिन वह VVIP के लिए जमकर लग्जरी विदेशी कारों का आयात कर रहा है। पाकिस्तानी अखबार डॉन की एक रिपोर्ट के अनुसार, संकटग्रस्त पाकिस्तान ने 2,000 से अधिक लग्जरी कारों को आयात करने की अनुमति दी है। अखबार की रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान ने 2022 के जुलाई से दिसंबर के बीच 164 लग्जरी इलेक्ट्रिक वाहनों का आयात किया है। पुरानी लग्जरी गाड़ियों के आयात में भी भारी उछाल आया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने पिछले छह महीनों में ऐसे लगभग 1,990 वाहनों का आयात किया है। अधिकारियों ने अखबार को बताया कि ज्यादातर आयात जुलाई से सितंबर के बीच हुआ, जबकि अक्टूबर से दिसंबर तक बहुत कम संख्या में कारों का आयात किया गया। दूसरी ओर, पाकिस्तान का विदेशी भंडार गिरकर 3.7 अरब डॉलर रह गया है, जो रिकॉर्ड स्तर पर है। देश भयंकर महंगाई से जूझ रहा है।


पाक में डीजल 262 और पेट्रोल 249 के पार

पाकिस्तान सरकार ने रविवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 35-35 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि कर दी। इससे देश में पहले से ही महंगाई से जूझ रही जनता को और तेज झटका लगा है। वित्त मंत्री इशाक दार ने रविवार सुबह टीवी पर जनता को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। इससे पहले देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव प्रत्येक पखवाड़े में महीने की पहली और 16 तारीख को किया जाता था।

ये भी पढ़ें- कंगाल पाकिस्तान को एक और झटका! IMF ने बजटीय इस्टीमेंट्स में 2,000 अरब रुपये का पाया उल्लंघन

दार ने कहा कि हमने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 35-35 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि करने का फैसला किया है। केरोसिन तेल और हल्के डीजल तेल की कीमतों में भी 18-18 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। इसके साथ ही पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 249.80 रुपये प्रति लीटर, हाई-स्पीड डीजल की कीमत 262.80 रुपये प्रति लीटर, मिट्टी के तेल की कीमत 189.83 रुपये प्रति लीटर और हल्के डीजल की कीमत 187 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा था कि उनकी पार्टी की अगुआई वाला सत्तारूढ़ गठबंधन अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की कठिन शर्तों को मानने के लिए तैयार हो गया है, जिससे पाकिस्तान के लिए स्वीकृत राहत पैकेज बहाल किया जा सके। दार ने कहा कि सरकार ने पिछले साल अक्टूबर से इस साल 29 जनवरी तक पेट्रोल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया था और डीजल व केरोसिन की कीमतें कम भी कर दी थीं। कीमत बढ़ने से पहले पेट्रोल पंपों पर गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।