Get App

ONDC ने सिर्फ एक हफ्ते में बेच दिए 10,000 किलो टमाटर, NCCF ने 15 दिनों में बेचे 560 टन

Tomato Price Hike: टमाटर की आसमान छूती कीमतों के बीच सरकार समर्थित ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) और नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर फेडरेशन (NCCF) लोगों को 70 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दरों पर टमाटर उपलब्ध रहे हैं। ONDC ने 70 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से सिर्फ एक हफ्ते में ही 10,000 किलोग्राम टमाटर बेच दिए हैं। वहीं, NCCF ने बताया कि उसने पिछले 15 दिनों में रियायती दरों पर 560 टन टमाटर बेच दिए हैं

Akhileshअपडेटेड Aug 01, 2023 पर 5:06 PM
ONDC ने सिर्फ एक हफ्ते में बेच दिए 10,000 किलो टमाटर, NCCF ने 15 दिनों में बेचे 560 टन
Tomato Price Hike: NCCF ने बताया कि उसने पिछले 15 दिनों में रियायती दरों पर 560 टन टमाटर बेच दिए हैं

Tomato Price Hike: टमाटर की आसमान छूती कीमतों के बीच सरकार समर्थित ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) और नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर फेडरेशन (NCCF) लोगों को 70 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दरों पर टमाटर उपलब्ध रहे हैं। ONDC ने 70 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से सिर्फ एक हफ्ते में ही 10,000 किलोग्राम टमाटर बेच दिए हैं। ONDC प्रमुख टी कोशी ने मनीकंट्रोल को बताया कि पिछले एक सप्ताह में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रियायती दरों पर रिकॉर्ड 10,000 किलो टमाटर बेचे गए हैं। नेटवर्क को पिछले साल अपनी स्थापना के बाद से अब तक सबसे ज्यादा 1.1 मिलियन खुदरा ऑर्डर मिला है, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

वहीं, NCCF ने बताया कि उसने पिछले 15 दिनों में रियायती दरों पर 560 टन टमाटर बेच दिए हैं। कोशी ने बताया कि उन्हें NCCF की ओर से पिछले हफ्ते हर दिन 2000 किलोग्राम टमाटर का आवंटन हुआ था। उन्होंने कहा कि यह टमाटर दोपहर तक ही खत्म हो जा रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि ONDC पर डेली ऑर्डर की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। दिल्ली-NCR सहित कई प्रमुख शहरों में रियायती दर पर टमाटर की बिक्री अब भी जारी है।

टमाटर की खुदरा कीमतें अभी भी ऊंची बनी हुई हैं। इसकी वजह प्रमुख उत्पादक राज्यों में भारी बारिश बताई जा रही है। कई शहरों में अभी भी टमाटर की कीमतें 150 से 200 रुपये किलो है। देश के विभिन्न हिस्सों में सब्जियों की कीमतें आसमान छूने के बाद इस महीने की शुरुआत में केंद्र सरकार के निर्देश पर ONDC, NCCF और NAFED ने 70 रुपये प्रति किलोग्राम पर टमाटर बेचना शुरू किया।

तब से तीनों संगठन लगातार आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र की मंडियों से टमाटर खरीद रहे हैं और इसे दिल्ली-NCR, बिहार, राजस्थान आदि जैसे प्रमुख उपभोक्ता केंद्रों में सस्ती कीमतों पर उपलब्ध करा रहे हैं। उपभोक्ता Paytm ऐप और Magicpin के माध्यम से भी 70 रूपये किलो के हिसाब से टमाटर का ऑर्डर दे सकते हैं। टमाटर की भारी मांग के बीच हाइपरलोकल डिलिवरी प्लेटफॉर्म Magicpin का ऐप सोमवार सुबह क्रैश हो गया।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें