दिवाली में एक हफ्ते से कम समय बचा है। यह समय है जब घर में शॉपिंग कि लिस्ट बन रही होती है। खासकर इस मौके पर बच्चों की लिस्ट खास होती है। डेकोरेशन और ड्रेस सहित कई चीजें इस लिस्ट में शामिल होती है। कई बार यह लिस्ट आपके जेब पर भारी पड़ जाती है। इसकी वजह यह है कि शॉपिंग के दौरान हम ऐसी कई चीजें खरीद लेते हैं, जिसके बारे में हमने पहले नहीं सोचा था। इस बार ऐसा न हो, इसके लिए कुछ चीजों का खास ध्यान आपको रखना होगा। मनीकंट्रोल अपने रीडर्स को ऐसी कुछ सावधानियां बता रहा है, जिनका ध्यान रखने पर इस बार दिवाली की शॉपिंग आपकी जेब पर भारी नहीं पड़ेगी।
शॉपिंग से पहले बजट बना लें
शॉपिंग (Diwali Shopping) से पहले जरूरी चीजों की लिस्ट बना लें। इसके लिए घर के हर सदस्य की राय ली जा सकती है। फिर सबकी जरूरतों के आधार पर यह लिस्ट फाइनल हो जाएगी। इस लिस्ट में शामिल चीजों को देखते हुए एक बजट बना लें। शॉपिंग करते वक्त आपको सिर्फ उन्हीं चीजों की खरीदारी करनी है, जो आपकी दिवाली शॉपिंग लिस्ट में शामिल हैं। इससे आपकी खरीदारी बजट के हिसाब से होगी। आपकी जेब पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।
आप कैशबैक प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर सकते हैं। ये प्लेटफॉर्म ऑनलाइन खरीदारी पर अच्छा डिस्काउंट ऑफर करते हैं। कैशकरो एंड अर्नकरो के को-फाउंडर रोहन भार्गव ने कहा, "आपको रिसर्च कर ऐसे कैशबैक प्लेटफॉर्म को सेलेक्ट करना होगा, जिस पर आपके पसंदीदा ऑनलाइन स्टोर उपलब्ध हैं।" इस प्लेटफॉर्म से खरीदारी करने पर आपको कैशबैक प्वाइंट्स मिलेगा जिसका इस्तेमाल आप भविष्य की खरीदारी के लिए कर सकते हैं।
कुछ प्लेटफॉर्म्स पर प्राइस कंपेयर कर लें
आपको कई प्लेटफॉर्म्स पर प्राइस कंपेयर कर लेना ठीक रहेगा। उदाहरण के लिए अगर आप कोई होम अप्लायंस खरीदना चाहते हैं तो Amazon, Flipkart, Myntra, Bigbasket जैसे प्लेटफॉर्म पर उसके प्राइस को कंपेयर कर लें। इंटरनेट पर कई प्राइस ट्रैकिंग टूल्स हैं, जो इस काम में आपकी मदद कर सकते हैं। इससे आप सही प्राइस पर अपनी जरूरत की चींज खरीद सकेंगे।
बैंकों के ऑफर्स का उठाएं फायदा
कई बैंक खासकर दिवाली के दौरान होने वाली शॉपिंग के लिए ऑनलाइट रिटेलर्स से समझौते करते हैं। इसके तहत बैंक के क्रेडिट कार्ड या डेबिड कार्ड से खरीदारी पर ज्यादा डिस्काउंट या कैशबैक ऑफर किया जाता है। उदाहरण के लिए Amazon ने ICICI Bank, Axis Bank, IDFC First Bank, BOBCARD और HSBC के साथ समझौता किया है।
यह भी पढ़ें: Diwali 2024: 31 अक्टूबर या 1 नवंबर! दिल्ली, यूपी, MP, बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान में कब है दिवाली की छुट्टी
BNPL और नो-कॉस्ट EMI स्कीम से दूर रहें
फेस्टिव शॉपिंग के दौरान 'बाय नाउ पे लेटर' (BNPL) और नो-कॉस्ट EMI जैसे ऑफर ज्यादा दिखते हैं। लेकिन, आपको बहुत सोचसमझकर ऐसे ऑफर का इस्तेमाल करना चाहिए। इसकी वजह यह है कि पहली नजर में देखने पर ये काफी अट्रैक्टिव लगते हैं लेकिन इनकी कुछ ऐसी शर्तें होती हैं, जो ग्राहक पर भारी पड़ सकती हैं। ऐसे ऑफर का इस्तेमाल करने पर ग्राहक को अपफ्रंट डिस्काउंट की भी कुर्बानी देनी पड़ती है। दरअसल, इस तरह के ऑफर पर्सनल लोन की तरह होते हैं, जिसका पेमेंट आपको हर महीने करना पड़ता है। किसी महीने पेमेंट में देर होने पर मोटी लेट फीस चुकानी पड़ती है।