NTR Bharosa: सीएम चंद्रबाबू नायडू ने लॉन्च किया 'एनटीआर भरोसा' पेंशन स्कीम, खुद लाभार्थियों को सौंपा चेक

NTR Bharosa: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार 1 जुलाई को 65.31 लाख लाभार्थियों के लिए एनटीआर भरोसा पेंशन योजना के तहत 4,408 करोड़ रुपये के वितरण का शुभारंभ किया। नायडू ने सोमवार सुबह आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के मंगलगिरी निर्वाचन क्षेत्र के पेनुमाका गांव में कुछ घरों का दौरा किया और लाभार्थियों को खुद अपने हाथों से चेक सौंपी

अपडेटेड Jul 02, 2024 पर 11:03 AM
Story continues below Advertisement
NTR Bharosa: मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने लाभार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना

NTR Bharosa Pension Scheme: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार (1 जुलाई) को 'एनटीआर भरोसा' पेंशन योजना का शुभारंभ कर दिया। संशोधित योजना के तहत, सरकार की एनटीआर भरोसा पेंशन योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए पेंशन 3,000 रुपये से बढ़ाकर 4,000 रुपये कर दी गई है। मुख्यमंत्री नायडू ने सोमवार सुबह आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के मंगलगिरी निर्वाचन क्षेत्र के पेनुमाका गांव में कुछ घरों का दौरा किया और लाभार्थियों को खुद अपने हाथों से चेक सौंपी। उन्होंने एक लाभार्थी के घर जाकर उसे पेंशन की राशि दी। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना।

पेंशन बढ़ाने का किया था वादा

TDP सुप्रीमो चंद्रबाबू नायडू ने अपने चुनावी घोषणापत्र के तहत अपने चुनाव अभियान के दौरान वृद्धावस्था पेंशन को मौजूदा 3,000 रुपये से बढ़ाकर 4,000 रुपये करने का वादा किया था। अपने घोषणापत्र के वादे का सम्मान करते हुए नायडू ने वृद्ध लोगों के लिए पेंशन को 3,000 रुपये से बढ़ाकर 4,000 रुपये और शारीरिक रूप से विकलांग लोगों के लिए 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6000 रुपये और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए 5,000 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये कर दिया है।


मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के पेंशन बढ़ाने के फैसले से वृद्धावस्था, विधवा, अकेले रहने वाली महिला, बुनकर, ताड़ी निकालने वाले लोग, मछुआरे, कलाकार और ट्रांसजेंडर सहित विभिन्न वर्गों के लोगों को लाभ मिल रहा है। मानव कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर प्रति वर्ष 34,000 करोड़ रुपये खर्च करने जा रहे हैं। बढ़ी हुई पेंशन से राज्य भर में 65.31 लाख लोगों को लाभ मिलेगा, जिससे आंध्र प्रदेश सबसे अधिक पेंशन वितरण करने के मामले में नंबर वन राज्य बन गया है।

टोल फ्री नंबर की शुरुआत

नायडू ने सभी मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और एमएलसी को पेंशन वितरण कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया था। नायडू ने एक टोल फ्री नंबर की शुरुआत की है, जिससे आम आदमी को व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री से मिलने और अपनी शिकायतों को बताने का अवसर मिलेगा। पेनुमाका गांव में लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लोगों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में पहला कदम है।

TDP संस्थापक स्वर्गीय एनटी रामाराव के नारे 'समाज पूजा का स्थान है और लोग वास्तविक भगवान हैं' को याद करते हुए चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि उनकी सरकार एनटीआर से प्रेरणा लेकर काम करेगी। मुख्यमंत्री नायडू ने स्पष्ट किया कि उनका सपना बिना आर्थिक असंतुलन वाला गरीबी मुक्त समाज देखना है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछली YSR कांग्रेस सरकार के विनाशकारी शासन पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने अधिक से अधिक उधार और बढ़ती कीमतों के साथ लोगों के जीवन को उलट दिया।

सुबह 6 बजे पहुंच गए लाभार्थी के घर

वेतन भोगी महिला कार्यकर्ता बनवथ पामुलनायक इस बात से स्तब्ध हैं कि मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू सुबह 6 बजे पेंशन वितरित करने के लिए आ गए। बनवथ के पूरे परिवार के सदस्य तब और अधिक उत्साहित हो गए जब मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने उनके छोटे से घर में चाय पी।

ये भी पढ़ें- लोकसभा की कार्यवाही से राहुल गांधी के भाषण के विवादास्पद अंश हटाए गए, BJP ने लगाया हिंदुओं का अपमान करने का आरोप

मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत रूप से एक अन्य एसटी महिला इस्लावथ साई को बढ़ी हुई विधवा पेंशन और उसी गांव पेनुमाका में दैनिक वेतन भोगी बनवथ सीता को भूमिहीन गरीब पेंशन भी वितरित की। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने व्यक्तिगत रूप से पेंशन वितरित करने को प्राथमिकता देकर गरीबों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई और इसके लिए वे सुबह जल्दी उठे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।