RBI की 5 अप्रैल को आई मॉनेटरी पॉलिसी से इस बात का संकेत मिला है कि रेपो रेट में कमी के लिए अभी थोड़ा इंतजार करना होगा। होम लोन लेने वाले लोग रेपो रेट घटने का इंतजार कर रहे हैं। इसकी वजह है कि रेपो रेट घटने पर उनके होम लोन का इंटरेस्ट रेट घटेगा। इससे उनकी EMI कम होगी। दरअसल मई 2022 से फरवरी 2023 के बीच RBI ने रेपो रेट लगातार बढ़ाया था। इस दौरान रेपो रेट 4 फीसदी से बढ़कर 6.5 फीसदी हो गया। रेपो रेट में 2.5 फीसदी की वृद्धि ने होम लोन लेने वाला बजट बिगाड़ दिया। उनकी EMI काफी बढ़ गई। कुछ लोगों ने तो होम लोन की अवधि बढ़ाकर अपने EMI को बढ़ने नहीं दिया। लेकिन, ऐसे कई लोग हैं, जिनके लिए होम लोन की अवधि बढ़ाना मुमकिन नहीं है। बहुत मुश्किल से वे बढ़ी हुई EMI चुका रहे हैं।
