ऐसी खबर आई थी कि रेल से सफर के दौरान तय वजन से अधिक सामान ले जाने पर यात्रियों पर चार्ज लगाने की तैयारी है। लेकिन रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस पर स्थिति साफ कर दी है। वैष्णव ने कहा है कि हवाई यात्रियों की तरह रेल यात्रियों से एक्स्ट्रा लगेज पर ज्यादा किराया वसूलने की कोई तैयारी नहीं है। पहले आई रिपोर्ट में कहा गया था कि उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने यात्रियों के लिए तय वजन से अधिक के सामान पर चार्जेस लगाने की तैयारी की है। साथ ही हवाई अड्डों की तरह रेलवे स्टेशनों पर भी हर एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर सामान की जांच करने वाली मशीन लगाने और हर तरह के सामान की जांच करने की तैयारी की जा रही है।
