पुरी, ओडिशा स्थित श्रीजगन्नाथ धाम एक बार फिर श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंग चुका है। हर वर्ष की तरह इस बार भी भगवान जगन्नाथ की विश्वप्रसिद्ध रथ यात्रा आषाढ़ मास की शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को बड़े धूमधाम से निकाली जाएगी। ये यात्रा धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टिकोण से बेहद खास मानी जाती है। रथ यात्रा के दिन भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ विशाल रथों पर विराजमान होकर श्रीमंदिर से निकलते हैं और गुंडिचा मंदिर तक की यात्रा करते हैं। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से पुरी पहुंचकर रथ खींचने और भगवान के दिव्य दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करते हैं।
