लंबी दूरी की ट्रेन यात्रा में पैंट्री का खाना कई यात्रियों के लिए सहारा होता है। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने इसी खाने की साफ-सफाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में ट्रेन की पैंट्री के अंदर एक चूहा खुले बर्तन में रखी आटे की लोइयों के पास घूमता और उन्हें खाते हुए नजर आ रहा है। यह वीडियो उद्योग नगरी एक्सप्रेस का बताया जा रहा है, जो महाराष्ट्र के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से उत्तर प्रदेश के मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन के बीच चलती है।
