व्हाइट हाउस ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ग्रीनलैंड को हासिल करने के रास्तों पर काफी गंभीरता से विचार कर रहे हैं, जिसमें मिलिट्री एक्शन की भी संभावना है। ट्रंप ने अपने कार्यकाल के शुरुआती दौर में भी ऐसी ही इच्छा जताई थी, जो अब फिर से चर्चाओं में है। हालांकि, यूरोप और ग्रीनलैंड दोनों ही इसका विरोध करते आए हैं। एक बयान में, व्हाइट हाउस ने कहा कि ट्रंप आर्कटिक द्वीप पर कब्जे को राष्ट्रीय सुरक्षा प्राथमिकता के रूप में देखते हैं, जिसका उद्देश्य इस इलाके में अमेरिकी विरोधियों को रोकना है।
