जापान के माउंट शिनमोएडेके में बुधवार दोपहर को विस्फोट हुआ, जिससे राख का मोटा गुबार हवा में कई मीटर ऊपर उठ गया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को सुरक्षा चिंताओं के कारण पहाड़ से दूर रहने की सलाह देते हुए चेतावनी जारी की। ज्वालामुखी के फटने के बाद, सोशल मीडिया पर जापानी मंगा कलाकार रयो तात्सुकी की तरफ से की गई एक वायरल भविष्यवाणी की चर्चा होने लगी, जिन्होंने पहले 2025 में जापान में एक बड़ी आपदा की भविष्यवाणी की थी।
अपनी अद्भुत दूरदर्शिता के लिए अक्सर बाबा वंगा से तुलना की जाने वाली तात्सुकी की भविष्यवाणी जिसमें जून की शुरुआत में एक भयावह घटना का जिक्र था - ऑनलाइन फिर से सामने आई, और कई लोगों ने अचानक ज्वालामुखीय गतिविधि से इसका संबंध जोड़ा।
जापान की मौसम एजेंसी ने भी चेतावनी जारी करते हुए कहा, "3 अप्रैल 2011 के बाद पहली बार यह धुआं 3,000 मीटर (9,800 फीट) की ऊंचाई तक पहुंचा।"
इस बीच, गुरुवार को आए शक्तिशाली भूकंप ने जुलाई में एक बड़ी आपदा के बारे में मंगा भविष्यवाणी से जुड़ी अटकलों को तेज कर दिया है। जो कि पिछले दो हफ्ते में कागोशिमा प्रान्त में आए 1,000 से ज्यादा झटकों में से एक था।
दक्षिणी क्यूशू के पास 5.5 तीव्रता के भूकंप के बाद, अधिकारियों ने शुक्रवार को निकटवर्ती दूरदराज के द्वीपों से निवासियों को निकाला।
शनिवार को जापान सरकार ने इलाके में संभावित भूकंप की चेतावनी दी, लेकिन जनता से आग्रह किया कि वे ऑनलाइन वायरल हो रही आधारहीन आपदा अफवाहों पर ध्यान न दें।
मंगा के पहले संस्करण में मार्च 2011 में आए भूकंप और सुनामी की भविष्यवाणी की गई थी, जिसने जापान को तबाह कर दिया था। इसके नए वर्जन को कुछ लोगों ने 5 जुलाई, 2025 को एक बड़ी आपदा की भविष्यवाणी का जिक्र किया है। हालांकि, रियो तात्सुकी ने इसे नकार दिया है।
इस बीच, रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, वायरल अफवाह और भविष्यवाणी ने जापान में पर्यटन को भी प्रभावित किया है। अप्रैल में जापान में 39 लाख यात्रियों का मंथली हाईएस्ट आंकड़ा दर्ज किया गया था, मई में यह संख्या घट गई।
हांगकांग की ट्रैवल एजेंसी EGL टूर्स के स्टीव ह्युएन ने एक मंगा से जुड़ी सोशल मीडिया भविष्यवाणियों की झड़ी को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया, जिसमें जुलाई 2025 में जापान और पड़ोसी देशों में बड़े पैमाने पर भूकंप और सुनामी आने का सपना दिखाया गया है।
ह्युएन ने कहा, "अफवाहों का काफी प्रभाव पड़ा है।" उन्होंने आगे कहा कि उनकी कंपनी का जापान से संबंधित कारोबार आधा रह गया है।
जापान की यात्रा करने वाले 28 साल और हांगकांग के रहने वाले ब्रैंडन चोई ने कहा कि मंगा की भविष्यवाणी के कारण वह जुलाई और अगस्त के दौरान जापान की यात्रा करने से हिचकिचा रहे थे। उन्होंने कहा, "अगर संभव हो तो मैं अपनी यात्रा को स्थगित कर सकता हूं और सितंबर के बाद जा सकता हूं।"