आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस भी राज्य में अपना आधार मजबूत करने की कवायद में जुटी है। राहुल गांधी पहले ही ‘वोट अधिकार यात्रा’ निकाल चुके हैं और कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक भी पटना में हो चुकी है। अब शुक्रवार (26 सितंबर) को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पटना पहुंची और सदाकत आश्रम में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम "शक्ति अधिकार" में हिस्सा लिया।
इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी सरकार की योजनाओं पर जमकर हमला बोला। खासकर महिलाओं के खाते में 10,000 रुपए दिए जाने की योजना को चुनावी चाल बताते हुए प्रियंका ने कहा कि यह केवल वोटरों को खरीदने की कोशिश है।
वहीं प्रियंका गांधी ने राजधानी पटना में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान महिला को संबोधित किया और उन्होंने महिलाओं के लिए कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि अगर बिहार में कांग्रेस की सरकार बनती है तो महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए दिए जाएंगे।
इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने वादा किया कि राज्य में हर गरीब परिवार को 25 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा, भूमिहीन परिवारों की महिलाओं को 3 से 5 डिसमिल जमीन का मालिकाना हक भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कदम महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त करेगा।
प्रियंका ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला करते हुए कहा कि महिलाओं के खाते में 10,000 रुपए डालना केवल चुनावी राजनीति है। उन्होंने सवाल किया कि "अगर यह योजना इतनी जरूरी थी तो इसे पहले क्यों नहीं लागू किया गया? चुनाव से ठीक पहले महिलाओं को कुछ रुपए देकर उन्हें खरीदा नहीं जा सकता।" इसी क्रम में आगे कहा कि बिहार की महिलाएं अब जागरूक हैं और सम्मान के साथ जीना चाहती हैं। वे सिर्फ चुनाव के समय पैसों से प्रभावित होने वाली नहीं हैं। प्रियंका ने दावा किया कि कांग्रेस महिलाओं को केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि समाज की असली शक्ति मानती है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रही।
कार्यक्रम के दौरान प्रियंका गांधी ने सीधे BJP और नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि ये सरकारें महिलाओं को सही सम्मान नहीं देंगी, जब महिलाएं अपने हक की आवाज उठाती हैं तो उन्हें दबाया जाता है, पीटा जाता है और जेल भेज दिया जाता है। उन्होंने कहा कि अगर महिलाओं को न्याय और इज्जत चाहिए तो उन्हें BJP-JDUकी सरकार को हराना होगा।
बिहार में इस बार कांग्रेस का फोकस साफ तौर पर महिलाओं वोट बैंक पर दिख रहा है। राहुल गांधी की ‘वोट अधिकार यात्रा’ और प्रियंका गांधी का यह कार्यक्रम इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। प्रियंका ने अपने भाषण में कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में बराबरी का हिस्सा दिया जाएगा।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।