Get App

Bihar Chunav 2025: बिहार चुनाव से पहले NDA में भूचाल! JDU और BJP के कई नेता RJD में हुए शामिल

NDA को बिहार चुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कई नेताओं ने पार्टी को छोड़कर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का दामन थाम लिया है। इस घटनाक्रम ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है

Suresh Kumarअपडेटेड Sep 02, 2025 पर 10:06 PM
Bihar Chunav 2025: बिहार चुनाव से पहले NDA में भूचाल! JDU और BJP के कई नेता RJD में हुए शामिल
Bihar Chunav 2025: ताजा घटनाक्रम ने बिहार की राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है

Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राज्य की राजनीति में उथल-पुथल बढ़ गई है। सभी राजनीतिक दल अपने-अपने विधायकों और सीटों को लेकर सतर्क हैं। इसी कड़ी में सत्ता पक्ष NDA को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, जनता दल यूनाइटेड (JDU) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कई नेताओं ने पार्टी को छोड़कर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का दामन थाम लिया है। इस घटनाक्रम ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।

मंगलवार (2 सितंबर) को पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में JDU किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव डॉ. अभिषेक मिश्रा, बीजेपी नेता रामकेवल गुप्ता और हरिनंदन ठाकुर ने आरजेडी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इन लोगों को राजद के प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू ने पार्टी की सदस्यता दिलाई है। इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद और प्रदेश महासचिव डॉ. प्रेम कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे।

RJD नेताओं का कहना है कि पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की नेतृत्व शैली और रोजगार-आधारित राजनीति को बिहार की जनता लगातार समर्थन दे रहे हैं। वहीं, रणविजय साहू ने कहा कि तेजस्वी यादव ने विकास, नौकरी और रोजगार जैसे मुद्दों को उठाकर बिहार में सकारात्मक राजनीति की शुरुआत की है।

उन्होंने कहा कि उनके रोडमैप ने बिहार में बैर की राजनीति को कमजोर किया है और जनता बदलाव चाहती है। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि यही कारण है कि दूसरे दलों से लगातार नेता RJD की ओर आकर्षित हो रहे हैं। RJD का दावा है कि यह आने वाले चुनाव में पार्टी के लिए निर्णायक साबित होगी।

वहीं, दूसरी ओर JDU में सीट के लिए खींचातानी जारी है। इसी कड़ी में JDU के अंदर मोकामा सीट को लेकर लगातार बयानबाजी हो रही है। JDU प्रवक्ता धीरज कुमार अनंत सिंह और ललन सिंह पर लगातार हमलावर हैं। उन्होंने अनंत सिंह को समाज के लिए कलंक तक कह दिया। उनके इस बयान से JDU के भीतर खींचातानी और खुलकर सामने आ गई है, जिससे मोकामा सीट पर विवाद और गहरा होता दिखाई दे रहा है।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 नजदीक आते ही राजनीतिक दल अपनी रणनीतियों को तेज कर रहे हैं। महागठबंधन लगातार रोजगार और विकास के मुद्दे पर जनता को जोड़ने की कोशिश कर रहा है। वहीं NDA अपनी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने में जुटा है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें