Get App

दिल्ली चुनाव को कभी नहीं भूल पाएंगे राहुल गांधी! कांग्रेस की 67 सीटों पर जमानत जब्त, लगातार तीसरी बार नहीं खुला खाता

Delhi Election Results 2025: 2013 तक दिल्ली पर राज करने वाली देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस एक बार फिर राष्ट्रीय राजधानी में अपनी पैठ बनाने में विफल रही। दिल्ली विधानसभा चुनाव में उसे शून्य पर संतोष करना पड़ा। शीला दीक्षित के नेतृत्व में 15 साल तक दिल्ली पर राज करने के बाद कांग्रेस 2013 में सत्ता से बाहर होने के बाद से अपनी स्थिति फिर से हासिल करने में विफल रही है। ताजा झटके ने उसके संकट को और गहरा कर दिया है

MoneyControl Newsअपडेटेड Feb 08, 2025 पर 6:36 PM
दिल्ली चुनाव को कभी नहीं भूल पाएंगे राहुल गांधी! कांग्रेस की 67 सीटों पर जमानत जब्त, लगातार तीसरी बार नहीं खुला खाता
Delhi Election Results 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का तीसरी बार खाता तक नहीं खुला

Delhi Assembly Election Results 2025: दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के नेतृत्व में 15 साल तक राजधानी में सरकार चलाने के बाद सत्ता से बाहर हुई कांग्रेस इस बार के विधानसभा चुनाव में कुल 70 में से सिर्फ तीन सीटों पर ही अपनी जमानत बचा सकी। दिल्ली चुनाव में कांग्रेस के 67 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो चुकी है। देश की सबसे पुरानी पार्टी का लगातार तीसरी बार चुनाव में खाता तक नहीं खुला है। यह बात जरूर है कि देश की मुख्य विपक्षी पार्टी ने राष्ट्रीय राजधानी में पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस बार अपनी वोट हिस्सेदारी में दो प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी की है। दिल्ली की राजनीति में 1998 से 2013 तक अपना सुनहरा दौर देखने वाली कांग्रेस के लिए यह लगातार तीसरा विधानसभा चुनाव था जिसमें उसे एक भी सीट नहीं मिली।

कांग्रेस ने करीब 6.36 प्रतिशत वोट हासिल किए। जबकि 2020 के विधानसभा चुनाव में उसे 4.26 प्रतिशत वोट मिले थे। कांग्रेस ने अपने इस प्रदर्शन पर निराशा जताई। साथ ही कहा कि उसने 2025 के विधानसभा चुनाव में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है और पांच साल बाद सत्ता में वापसी करेगी। कांग्रेस के जो तीन उम्मीदवार दिल्ली में अपनी जमानत बचाने में सफल रहे उनमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव भी शामिल हैं। उन्हें 40 हजार से अधिक मत और 27 प्रतिशत से ज्यादा वोट मिले। वह तीसरे स्थान पर रहे।

इन तीन सीटों पर बची जमानत

यदि किसी उम्मीदवार को डाले गए कुल वोटों का कम से कम छठा हिस्सा नहीं मिलता है तो जमानत स्वरूप उसके द्वारा निर्वाचन आयोग के समक्ष दी गई राशि जब्त हो जाती है। दिल्ली के कस्तूरबा नगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक दत्त न सिर्फ अपनी जमानत बचाने में सफल रहे। बल्कि दूसरे स्थान पर भी रहे। यह दिल्ली की इकलौती सीट हैं जहां कांग्रेस दूसरे पर स्थान पर रही। दत्त ने 27,019 वोट हासिल किए। उन्हें बीजेपी उम्मीदवार नीरज बसोया से 11,000 से अधिक मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। उन्हें करीब 32 प्रतिशत वोट हासिल हुए।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें