केंद्र सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्ताव में राज्यों की सबसे बड़ी चिंता दूर करने के लिए नया फॉर्मूला मंजूर किया है। हमारी सहयोगी वेबसाइट News18 की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से जानकारी दी गई है कि केंद्रीय कैबिनेट ने लोकसभा की सीटें 50 फीसदी बढ़ाने और राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात 25 साल तक सुरक्षित रखने से जुड़े संशोधनों को मंजूरी दी है। इस व्यवस्था के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़कर करीब 816 हो सकती हैं जबकि राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का अनुपात 2051 तक नहीं बदलेगा। इससे दक्षिणी राज्यों की उस आशंका को दूर करने की कोशिश है कि आबादी के आधार पर परिसीमन होने से संसद में उनका राजनीतिक प्रतिनिधित्व घट सकता है।
