Get App

Northeast Flood: पूर्वोत्तर में बाढ़, बारिश और भूस्खलन से हाहाकार! अब तक 36 लोगों की मौत, 5.5 लाख से अधिक लोग प्रभावित

Northeast Flood Updates: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम, अरुणाचल प्रदेश व सिक्किम के मुख्यमंत्रियों और मणिपुर के राज्यपाल से उनके राज्यों में हो रही भारी बारिश के मद्देनजर बात की और उन्हें स्थिति से निपटने के लिए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार पूर्वोत्तर के लोगों के समर्थन में चट्टान की तरह खड़ी है

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Jun 03, 2025 पर 8:53 AM
Northeast Flood: पूर्वोत्तर में बाढ़, बारिश और भूस्खलन से हाहाकार! अब तक 36 लोगों की मौत, 5.5 लाख से अधिक लोग प्रभावित
Northeast Flood Updates: बाढ़ एवं भूस्खलन में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 36 पहुंच गई है

Northeast Flood Updates: लगातार भारी बारिश के कारण कई पूर्वोत्तर राज्य भीषण बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में हैं। पूर्वोत्तर में बाढ़ की स्थिति मंगलवार (3 जून) को भी गंभीर बनी रही। बाढ़ एवं भूस्खलन में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 36 पहुंच गई है। जबकि क्षेत्र के कई राज्यों में 5.5 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। पूर्वोत्तर क्षेत्र में बाढ़ और भूस्खलन के कारण असम में सबसे अधिक 11 लोगों की जान गई है। इसके बाद अरुणाचल प्रदेश में 10, मेघालय में छह, मिजोरम में पांच, सिक्किम में तीन और त्रिपुरा में एक व्यक्ति की मौत हुई है।

एक आधिकारिक बुलेटिन में कहा गया है कि असम में 22 जिलों में बाढ़ से 5.35 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। जबकि एक व्यक्ति की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। राज्य में 15 नदियां उफान पर हैं। एक रक्षा अधिकारी ने सोमवार को बताया कि सिक्किम के छतेन में एक सैन्य शिविर के भूस्खलन की चपेट में आने की वजह से तीन सैन्यकर्मियों की मौत हो गई। जबकि छह सैनिक लापता हैं।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के बुलेटिन में कहा गया है कि 22 जिलों के 65 राजस्व क्षेत्रों और 1,254 गांवों के 5,15,039 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। सबसे अधिक प्रभावित जिला श्रीभूमि है, जहां 1,94,172 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। इसके बाद कछार जिले में 77,961 लोग और नगांव में 67,880 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

पिछले 24 घंटों में होजाई जिले के डोबोका राजस्व क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत होने की खबर है, जिससे बारिश के दौरान बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 पहुंच गई हैं। हैलाकांडी और डिब्रूगढ़ के एक-एक, यानी कुल दो लोग लापता बताए जा रहे हैं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें