Get App

Justice Yashwant Varma Cash Row: कैश कांड में फंसे जस्टिस यशवंत वर्मा की बढ़ सकती मुश्किलें, महाभियोग लाने की तैयारी कर रही सरकार

Justice Yashwant Varma Cash Row: सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित आंतरिक जांच समिति ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के जज जस्टिस यशवंत वर्मा पर अभियोग लगाया था। इसके बाद जस्टिस खन्ना ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को यह पत्र भेजा। हालांकि इसके निष्कर्षों को सार्वजनिक नहीं किया गया। सूत्रों ने बताया कि पूर्व CJI खन्ना ने जस्टिस वर्मा को इस्तीफा देने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड May 28, 2025 पर 2:07 PM
Justice Yashwant Varma Cash Row: कैश कांड में फंसे जस्टिस यशवंत वर्मा की बढ़ सकती मुश्किलें, महाभियोग लाने की तैयारी कर रही सरकार
Justice Yashwant Varma Cash Row: अगर जस्टिस वर्मा खुद इस्तीफा नहीं देते हैं तो उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाना एक स्पष्ट विकल्प होगा

Justice Yashwant Varma Cash Row: केंद्र सरकार इलाहाबाद हाई कोर्ट के जज जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ संसद में महाभियोग प्रस्ताव लाने के विकल्प पर विचार कर रही है। जस्टिस वर्मा पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में उनके आधिकारिक आवास से भारी मात्रा में जली हुई नकद राशि मिलने के बाद सुप्रीम कोर्ट की तरफ से नियुक्त जांच समिति ने अभियोग लगाया है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि अगर जस्टिस वर्मा खुद इस्तीफा नहीं देते हैं तो उनके खिलाफ संसद में महाभियोग प्रस्ताव लाना एक स्पष्ट विकल्प होगा। संसद का मानसून सत्र जुलाई के दूसरे पखवाड़े में शुरू होने की संभावना है।

जस्टिस वर्मा को उनके आवास पर भारी मात्रा में जली हुई कैश राशि मिलने की अप्रिय घटना के बाद दिल्ली हाई कोर्ट से इलाहाबाद हाई कोर्ट वापस भेज दिया गया था। तत्कालीन चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया यानी CJI संजीव खन्ना ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर जस्टिस वर्मा के खिलाफ महाभियोग की कार्रवाई करने की सिफारिश की थी।

सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित आंतरिक जांच समिति ने जस्टिस वर्मा पर अभियोग लगाया था। इसके बाद जस्टिस खन्ना ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को यह पत्र भेजा। हालांकि इसके निष्कर्षों को सार्वजनिक नहीं किया गया। सूत्रों ने बताया कि पूर्व CJI खन्ना ने जस्टिस वर्मा को इस्तीफा देने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया।

एक आधिकारिक सूत्र ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की औपचारिक प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है। वर्मा ने खुद को निर्दोष बताया है। उन्होंने अपने आउटहाउस में आग लगने के बाद मिली नकदी से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें