Heavy Rain Alert : उत्तर भारत में मॉनसून एक बार फिर से अपना रौद्र रूप दिखा रहा है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कहीं बादल फटने की वजह से आए सैलाब ने भारी तबाही मचाई है तो कहीं बाढ़ ने लोगों का हाल बेहाल किया है। पंजाब में बाढ़ के कारण तीन लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। वहीं इस भीषण बाढ़ को देखते हुए पंजाब सरकार ने सात सितंबर तक स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया है।
पंजाब सरकार ने सभी स्कूल और कॉलेज कुछ और दिनों के लिए बंद रखने का फैसला किया है। पहले ये 4 सितंबर को खुलने वाले थे, लेकिन अब भारी बारिश और बाढ़ के कारण तारीख बदल दी गई है। नए आदेश के अनुसार, स्कूल रविवार, 7 सितंबर तक बंद रहेंगे। अगर बाढ़ की स्थिति में सुधार होता है, तो 8 सितंबर से कक्षाएं फिर से शुरू होंगी। वहीं अगर 8 सितंबर तक भी अगर बाढ़ के हालात नहीं सुधरे तो स्कूलों और कॉलेजों की छुट्टियां और भी आगे बढ़ाई जा सकती हैं।
सात सितंबर तक बंद रहेंगे स्कूल और कॉलेज
बता दें कि पंजाब के स्कूलों और कॉलेजों की छुट्टियों की घोषणा पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने की। उन्होंने X पर पोस्ट किया, " मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार, बाढ़ की स्थिति को देखते हुए, पंजाब भर के सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और पॉलिटेक्निक 7 सितंबर 2025 तक बंद रहेंगे। सभी से स्थानीय प्रशासन के दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने का अनुरोध है।"
बाढ़ से तीन लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
पंजाब इस समय भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण सतलुज, ब्यास और रावी नदियां, साथ ही छोटी मौसमी नदियां उफान पर हैं। पंजाब में बारिश ने हालात और बदतर कर दिए हैं। अब तक बाढ़ से 30 लोगों की मौत हो चुकी है और राज्य भर में 3.5 लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।