Madhya Pradesh Election 2023: अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए बन रहे विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. के दो प्रमुख घटक दल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (SP) मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में आमने-सामने आ गए हैं। समाजवादी पार्टी ने मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को 9 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की। सपा नेता यश भारतीय ने कहा कि लिस्ट में छह उम्मीदवारों के नाम पहले घोषित किए गए थे, जबकि तीन नए नाम इसमें जोड़े गए हैं। 9 में से 4 सीटें ऐसी हैं, जिस पर रविवार सुबह कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवार घोषित किए थे। इसे फिलहाल सपा प्रमुख अखिलेश यादव की तरफ से दबाव की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
