Maharashtra Politics: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) के प्रमुख शरद पवार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यकर्ताओं के समर्पण की जमकर सराहना की है। उन्होंने अपनी पार्टी से भी शाहू महाराज, महात्मा फुले, बीआर अंबेडकर और यशवंतराव चव्हाण के दर्शन पर केंद्रित एक समान प्रतिबद्ध कार्यकर्ता आधार विकसित करने का आह्वान किया। शरद पवार ने गुरुवार (9 जनवरी) को विचारधारा के प्रति राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्पण को लेकर उसकी प्रशंसा की। उन्होंने अपनी पार्टी से आग्रह किया कि वह भी समाज सुधारकों शाहू महाराज, महात्मा फुले, बी आर आंबेडकर एवं राजनीतिक दिग्गज यशवंतराव चव्हाण के प्रगतिशील विचारों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के साथ अपने कार्यकर्ताओं का आधार तैयार करे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने दक्षिण मुंबई में एक सभा में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पास प्रतिबद्ध कार्यकर्ता हैं जो हिंदुत्व संगठन की विचारधारा के प्रति अटूट निष्ठा दिखाते हैं और किसी भी कीमत पर अपने मार्ग से विचलित नहीं होते। पीटीआई के मुताबिक पवार ने कहा, "हमारे पास भी ऐसा काडर आधार होना चाहिए जो छत्रपति शाहू महाराज, महात्मा फुले, बीआर आंबेडकर और यशवंतराव चव्हाण की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध हो।"
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने महाराष्ट्र में नवंबर में हुए विधानसभा चुनावों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की करारी हार के बारे में कहा, "लोकसभा चुनाव में सफलता के बाद हम लापरवाह हो गए थे, जबकि सत्तारूढ़ गठबंधन (BJP की अगुवाई वाली महायुति) ने संसदीय चुनावों में अपनी हार को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाए।"
भविष्य को देखते हुए पवार ने घोषणा की है कि एनसीपी (SP) आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में 50% टिकट नए उम्मीदवारों को आवंटित करेगी। उन्होंने पार्टी संगठन को और अधिक मजबूती देने के लिए पुनर्गठन की योजना का भी संकेत दिया। एनसीपी (शरदचंद्र पवार) विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) का हिस्सा है।
शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP ने अप्रैल-मई में हुए लोकसभा चुनावों में 10 सीटों में से आठ पर जीत हासिल की थी। लेकिन नवंबर में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में वह उसी गति को बरकरार रखने में विफल रही, जिसमें उसने लगभग 90 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। पवार की पार्टी को केवल 10 सीटों पर जीत मिली थी।
NCP नेता यह बयान इसलिए काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि महाराष्ट्र में शरद पवार और अजित पवार के साथ आने की चर्चा ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने दावा किया है कि अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) अपनी प्रतिद्वंद्वी राकांपा (एसपी) में दलबदल कराने की कोशिश कर रही है।