Rajasthan Election 2023: राजस्थान के चुनावी रण में इस बार एक "राजकुमारी" काफी सुर्खियों में है। राजनीतिक हलकों में कुछ लोगों इन्हें राजस्थान की अगली "वसुंधरा राजे" के रूप में देख रहे हैं। इनका नाम है दीया कुमारी (Diya Kumari)। बीजेपी ने राज्य के लिए 41 उम्मीदवारों की जब पहली सूची जारी की, तो उसमें राजसमंद की मौजूदा सांसद और जयपुर के राजघराने से आने वाली 52 वर्षीय दीया कुमारी का भी नाम था। पार्टी ने उन्हें जयपुर की विद्याधर नगर (Vidhyadhar Nagar) विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। खास बात यह है कि पार्टी ने उन्हें विद्याधर नगर से अपने मौजूदा विधायक नरपत सिंह राजवी का टिकट काटकर उम्मीदवार बनाया है। इसके चलते पार्टी को नरपत सिंह राजवी के समर्थकों और कुछ बीजेपी कार्यकर्ताओं की नाराजगी का भी सामना करना पड़ा।
