लार्सन एंड टुब्रो (Larsen and Toubro) के चेयरमैन एमेरिटस एएम नाइक समूह की दो लिस्टेड कंपनियों- LTIMindtree Ltd (LTIM) और L&T Technology Services Ltd (LTTS) के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन और बोर्ड के सदस्य के रूप में पद छोड़ने वाले हैं। सोर्सेज के मुताबिक, नाइक 26 जून को कंपनियों की वार्षिक आम बैठक के खत्म होने पर रिटायर होंगे। इसके बाद वह एलएंडटी समूह की सभी कंपनियों के बोर्ड से बाहर हो जाएंगे। एलएंडटी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर एसएन सुब्रमण्यन को दोनों सहायक कंपनियों के चेयरमैन के रूप में प्रमोट किया जाएगा। सुब्रमण्यन वर्तमान में LTIM और LTTS दोनों में वाइस चेयरमैन हैं।
82 वर्षीय नाइक ने लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के रूप में पद 30 सितंबर, 2023 को छोड़ा था। इसके बाद एसएन सुब्रमण्यन को पदभार सौंपा गया। नाइक अब तक कर्मचारियों के ट्रस्ट के चेयरमैन, बोर्ड के सलाहकार और दो सहायक आईटी कंपनियों के चैयरमैन के रूप में कंपनी से जुड़े रहे।
LTTS ने शेयरधारकों को किया सूचित
LTTS ने शेयरधारकों को नाइक के रिटायरमेंट के बारे में एक नोटिस में सूचित किया। हालांकि शेयरधारकों को LTIM की ओर से भेजे गए नोटिस में यह जिक्र नहीं है कि नाइक पद छोड़ देंगे, लेकिन मामले से जुड़े सूत्रों ने मनीकंट्रोल को बताया कि 26 जून को एजीएम में इसे 'स्पेशल बिजनेस' के रूप में विचार किए जाने की संभावना है।
L&T के लिए कितने खास हैं नाइक
इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में नाइक को एक दिग्गज हस्ती माना जाता है। एलएंडटी के अधिग्रहण के दो सुप्रसिद्ध प्रयासों को विफल करने का श्रेय एएम नाइक को ही दिया जाता है। उन्होंने लार्सन एंड टुब्रो एंप्लॉयी ट्रस्ट (एलटीईटी) को बनाने का नेतृत्व किया। यह ट्रस्ट कंपनी में सबसे बड़ा शेयरधारक है।