नए साल में फ्रिज या रेफ्रिजरेटर खरीदने की योजना बना रहे लोगों को झटका लग सकता है। रेफ्रिजरेटर की कीमतों में जल्द 5 फीसदी तक का इजाफा देखने को मिल सकता है। दरअसल ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (BEE) की तरफ से उपकरणों को दिए जाने ‘स्टार रेटिंग’ के नियमों में 1 जनवरी से कुछ बदलाव लागू किए गए हैं। गोदरेज अप्लायंसेज (Godrej), हायर ( Haier) और पैनासॉनिक (Panasonic) जैसी फ्रिज बनाने वाली प्रमुख कंपनियों के मुताबिक, नए नियमों को लागू करने पर अलग-अलग मॉडल के आधार पर ग्राहकों पर दो से पांच फीसदी तक का अतिरिक्त भार पड़ सकता है। BEE सभी उपकरणों को बिजली खपत की दक्षता के आधार पर स्टार रेटिंग देता है। ये स्टार रेटिंग 1 से 5 तक होते हैं। जिस उपकरण की रेटिंग जितनी अधिक होती है, वह बिजली खपत के लिहाज से उतना दक्ष होता है।
