मीडिया कंपनी जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ZEEL) के खिलाफ एक कंपनी ने 211.41 करोड़ रुपये का कर्ज नहीं चुका पाने के आरोप में नेशनल कंपनी लॉ ट्राइब्यूनल (NCLT) में इनसॉल्वेंसी केस दर्ज कराया है। जी एंटरटेनमेंट ने सोमवार 2 जनवरी को शेयर बाजारों को भेजी सूचना में यह जानकारी दी। ZEEL ने बताया कि इंडियन परफॉर्मिंग राइट सोसायटी लिमिटेड (IPRS) ने एनसीएलटी की मुंबई बेंच का दरवाजा खटखटाते हुए इनसॉल्वेंसी एंक बैकरप्सी कोड (IBC) 2016 के सेक्शन 9 के तहत केस दर्ज कराया है। ZEEL ने कहा कि वह इस दावे को खारिज करने वाला अपना जवाब जल्द ही दाखिल करेगी। उसने कहा कि दोनों कंपनियों के बीच दावा की राशि को लेकर विवाद चल रहा है।
