Sleeping With Open Mouth: मुंह से सांस लेना रात की नींद ही नहीं, दिल और दिमाग को भी कर सकता है बीमार, जानिए कैसे
Sleeping With Open Mouth: कई लोगों को सोते समय मुंह खुला रखने की आदत होती है, जो देखने में आम लगे लेकिन सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकती है। यह आदत शरीर पर कई नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है। अगर आप या आपके बच्चे ऐसा करते हैं, तो समय रहते इसके नुकसान जानना बेहद जरूरी है
Sleeping With Open Mouth: मुंह से सांस लेने पर बैक्टीरिया आसानी से मुंह में दाखिल हो जाते हैं।
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग दिनभर की थकान मिटाने के लिए रात को गहरी नींद की तलाश करते हैं। अच्छी नींद हमारे शरीर के लिए किसी दवा से कम नहीं होती, क्योंकि सोते समय शरीर खुद को रिपेयर करता है, टॉक्सिन्स बाहर निकालता है और अगली सुबह के लिए ऊर्जा जुटाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सिर्फ सोना ही काफी नहीं, सोने का तरीका भी सेहत पर बड़ा असर डालता है? अगर आप भी सोते वक्त मुंह खोलकर सांस लेते हैं, तो ये आदत आपकी नींद की गुणवत्ता को बिगाड़ सकती है और धीरे-धीरे गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म दे सकती है।
ये आदत न केवल आपके दांतों और सांसों को प्रभावित करती है, बल्कि हार्ट हेल्थ, फेफड़ों की क्षमता और इम्युनिटी तक को नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए यह जरूरी है कि आप अपनी नींद से जुड़ी इस आदत को पहचानें और समय रहते इसे सुधारें।
मुंह से सांस लेना बना सकता है बीमार
कई लोग नींद में मुंह से सांस लेने लगते हैं, जो धीरे-धीरे एक आदत बन जाती है। शुरुआत में ये आम लग सकती है, लेकिन इसके पीछे कई छुपे खतरे होते हैं। ये आदत हमारी संपूर्ण सेहत को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचा सकती है।
दांतों की सेहत पर सीधा वार
मुंह खोलकर सोने से लार (सलाइवा) सूखने लगती है, जो हमारे मुंह को बैक्टीरिया से बचाने में मदद करती है। जब लार की मात्रा कम हो जाती है, तो मुंह के भीतर बैक्टीरिया पनपने लगते हैं जिससे कैविटी, मुंह से बदबू और इंफेक्शन जैसी समस्याएं होने लगती हैं। ये आदत आपकी डेंटल हेल्थ को दीमक की तरह खोखला कर सकती है।
दिल की सेहत के लिए भी नुकसानदेह
जब आप नाक की बजाय मुंह से सांस लेते हैं, तो शरीर में ऑक्सीजन की सप्लाई ठीक से नहीं हो पाती। इसका असर सीधा आपके दिल पर पड़ता है। रिसर्च के मुताबिक, मुंह से सांस लेने वाले लोगों में हार्ट अटैक का खतरा अधिक होता है, क्योंकि ऑक्सीजन की कमी से ब्लड फ्लो प्रभावित होता है।
अस्थमा का खतरा
मुंह खोलकर सोने की आदत आपके फेफड़ों पर दबाव डालती है। इससे फेफड़ों को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और यही धीरे-धीरे सांस की तकलीफों या अस्थमा का कारण बन सकती है। खासकर जिन लोगों को पहले से सांस की समस्याएं हैं, उन्हें ये आदत और भी ज्यादा नुकसान पहुंचा सकती है।
सूखे और फटते होंठ
अगर आप सुबह उठते ही सूखे, खिंचे हुए और फटे होंठों से परेशान रहते हैं, तो इसकी वजह रात को मुंह खोलकर सोना हो सकता है। इससे सिर्फ होंठ ही नहीं, बल्कि गले और खाने की नली भी सूख जाती है, जिससे निगलने में दिक्कत होती है।
बदबूदार सांसों से बढ़ सकती है शर्मिंदगी
मुंह से सांस लेने पर बैक्टीरिया आसानी से मुंह में दाखिल हो जाते हैं। ये बैक्टीरिया मुंह के अंदर गंदगी बढ़ाते हैं, जिससे सांस में बदबू आने लगती है। यह केवल स्वास्थ्य ही नहीं, आपके आत्मविश्वास पर भी असर डाल सकती है।
कैसे पाएं इस आदत से छुटकारा?
सोने से पहले नाक साफ करें
साइड में सोने की आदत डालें
डॉक्टरी सलाह से ब्रीदिंग एक्सरसाइज या नाक के स्प्रे इस्तेमाल करें
अगर समस्या बनी रहे, तो स्लीप एक्सपर्ट से संपर्क करें
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।