बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) और दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) की आने वाली फिल्म 'पठान (Pathaan)' रिलीज से पहले विवादों में घिर गई है। फिल्म का पहला गाना 'बेशर्म रंग (Besharam Rang)' के रिलीज होते ही हंगामा शुरू हो गया है। पठान को सोशल मीडिया पर बायकॉट (Boycott Pathaan) करने की मांग हो रही है। कई यूजर्स फिल्म को बैन करने की भी मांग कर रहे हैं। बेशर्म रंग को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद के बीच मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा (Narottam Mishra) ने इस गाने में दोनों मशहूर अदाकारों के कपड़ों के कलर के साथ फिल्म के शीर्षक यानी नाम पर भी बुधवार को आपत्ति जताई।
गृह मंत्री ने चेतावनी भी दी कि अगर निर्माता-निर्देशक ने इस फिल्म में सुधार नहीं किया, तो राज्य सरकार विचार करेगी कि फिल्म को रिलीज की अनुमति दी जाए या नहीं। मिश्रा ने पत्रकारों से कहा, "दूषित मानसिकता के साथ फिल्माए गए गाने 'बेशर्म रंग' में अभिनेता और अभिनेत्री को आपत्तिजनक रूप से हरे और भगवा रंग के कपड़े पहनाए गए हैं। इन कपड़ों के रंग, गाने के बोल और फिल्म के नाम (पठान) में सुधार की आवश्यकता है। मेरा मानना है कि गाने का शीर्षक 'बेशर्म रंग' भी अपने आप में आपत्तिजनक है।"
मध्य प्रदेश में रिलीज होगा या नहीं?
उन्होंने कहा कि अगर 'पठान' के निर्माता और निर्देशक ने फिल्म में सुधार नहीं किया, तो राज्य में फिल्म के रिलीज को अनुमति देने या न देने पर विचार किया जाएगा। गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि दीपिका पादुकोण दिल्ली के जवारहलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में कथित ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ के समर्थन में पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि इस कदम के बाद उनकी मानसिकता पहले ही सबके सामने आ चुकी है।
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने 25 जनवरी को रिलीज होने जा रही फिल्म "पठान" के मुख्य किरदार शाहरुख खान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘यह अच्छी बात है कि वह (खान) हाल ही में वैष्णोदेवी के दर्शन करने गए थे। मगर एक तरफ वह माताजी के दर्शन करने जाते हैं, तो दूसरी तरफ महिला अदाकारों को अपनी फिल्मों में लगभग बिकिनी में ले आते हैं। यह भी ठीक नहीं है।’
'बेशर्म रंग' गाने में दीपिका और शाहरुख के बीच केमिस्ट्री दिखाई गई है। गाने में एक जगह दीपिका ने भगवा रंग की बिकिनी पहनी है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इस गाने को भद्दा और अश्लील बता दिया, तो कुछ ने इसे हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने वाला बताया है।