दिल्ली के मुंगेशपुर में बुधवार को 52.9 डिग्री सेल्सियस का तापमान दर्ज किया गया। यह देश में अब तक का सबसे अधिक दर्ज तापमान है। हालांकि इसके एक दिन बाद ही भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सेंसर पर ही सवाल उठा दिए। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान शहर के अलग-अलग हिस्से में 45.2° से 49.1°C के बीच रहा और मुंगेशपुर में बाकी स्टेशनों के मुकाबले तापमान 52.9°C पर पहुंच गया जो सेंसर में किसी गलती का संकेत दे रहा है। आईएमडी का कहना है कि या तो यह सेंसर में किसी कमी के चलते हो सकता है या कोई लोकल फैक्टर होगा।
