Delhi-NCR News Live: दिल्ली-NCR में 2023 में बिके 87,818 करोड़ रुपये के फ्लैट
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में वर्ष 2023 में 87,818 करोड़ रुपये मूल्य के फ्लैट की बिक्री हुई जिसमें अकेले गुरुग्राम की हिस्सेदारी 63 प्रतिशत रही। संपत्ति सलाहकार जेएलएल इंडिया ने एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में पिछले साल बिके फ्लैट की औसत कीमत वर्ष 2022 के 1.86 करोड़ रुपये से बढ़कर 2.29 करोड़ रुपये हो गई। हालांकि, फ्लैट का औसत आकार और बिकने वाले घरों की संख्या (38,407 यूनिट्स) कमोबेश स्थिर रही।
रिपोर्ट कहती है कि वर्ष 2023 में बिकने वाले फ्लैट का कुल मूल्य 87,818 करोड़ रुपये था, जो 2022 की तुलना में 23 प्रतिशत अधिक है। खास बात यह है कि कुल बिक्री मूल्य में से अकेले गुरुग्राम की हिस्सेदारी 55,930 करोड़ रुपये के साथ करीब 63 प्रतिशत रही। वहीं, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 24,944 करोड़ रुपये, गाजियाबाद में 4,404 करोड़ रुपये, दिल्ली में 2,610 करोड़ रुपये और फरीदाबाद में 470 करोड़ रुपये मूल्य के घरों की बिक्री पिछले साल हुई।