Modi-Trump Meeting: अमेरिका में अवैध अप्रवासियों को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बाहर निकाल रहे हैं और भारतीयों के मामले में इस पर क्या होगा, इस पर अब अगले महीने फरवरी में दोनों देशों के शीर्ष नेताओं की मुलाकात पर नजरें रहेगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि फरवरी में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका का दौरा कर सकते हैं। ट्रंप ने कहा कि सुबह दोनों के बीच इमिग्रेशन को लेकर भी चर्चा हुई है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और भारत के काफी मजबूत संबंध हैं। ये बातें उन्होंने शपथग्रहण करने के बाद पहली बार टेलीफोन पर हुई बातचीत के बाद एयरफोर्स वन पर कही।
अवैध अप्रवासी भारतीयों पर क्या बोले ट्रंप?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका में अवैध तरीके से रह रहे अप्रवासियों की बात जब आएगी तो पीएम मोदी वही करेंगे, जो ठीक होगा। इससे पहले मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अमेरिका में अवैध तरीके से रहे करीब 18 हजार भारतीय अप्रवासियों को वापस बुलाने पर भारत राजी हो गया है। पिछले हफ्ते भारतीय विदेश मंत्री के साथ मुलाकात में ट्रंप के सेक्रेटरी ऑफ स्टेट मार्को रुबिओ ने अवैध तरीके से आने वाले लोगों से जुड़ी चिंताओं से निपटने की इच्छा पर जोर दिया था। ट्रंप ने भी कहा कि वह स्किल्ड वर्कर्स के कानूनी तरीके से प्रवास को लेकर तैयार है और भारत से बड़ी संख्या में आईटी पेशेवर वहां जाते हैं।
पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच क्या बातें हुईं?
टेलीफोन पर दोनों देशों के शीर्ष नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की और वैश्विक शांति और स्थिरता को लेकर साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई। कॉल के दौरान ट्रम्प ने भारत को अमेरिकी में बने सिक्योरिटी इक्विपमेंट की खरीदारी बढ़ाने और निष्पक्ष द्विपक्षीय कारोबारी संबंधों की तरफ बढ़ने के महत्व पर जोर दिया। व्हाइट हाउस के मुताबिक दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के बीच आपसी संबंधों को और बढ़ाने पर चर्चा हुई। कॉल के दौरान दोनों के बीच एशियाई माहौल को लेकर भी चर्चा हुई और पीएम मोदी के अमेरिकी दौरे की योजना पर भी बात हुई।
भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक दोनों देशों के शीर्ष नेता संपर्क में बने रहने और जल्द ही मिलने पर राजी हुए हैं। इससे पहले पीएम मोदी पिछले साल सितंबर में अमेरिका के दौरे पर क्वाड नेताओं की बैठक में हिस्सा लेने गए थे जोकि डेलवेयर के विल्मिंगटन में हुई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने आखिरी बार ट्रम्प से पिछले साल 7 नवंबर को बात की थी, जिस दिन ट्रंप ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों में जीत हासिल की थी। 2017 से 2021 तक ट्रम्प के पहले कार्यकाल के दौरान दोनों नेताओं के बीच अच्छे संबंध थे।