Sonia Gandhi News: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बारे में की गई टिप्पणी को लेकर एक शिकायत दर्ज की गई है। राष्ट्रपति मुर्मू के बारे में 'बेचारी' टिप्पणी के लिए कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के खिलाफ शनिवार (1 फरवरी) को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की एक अदालत में शिकायत दर्ज कराई गई। मुजफ्फरपुर के एक वकील सुधीर ओझा ने सोनिया गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए राष्ट्रपति का कथित रूप से अपमान करने के लिए FIR दर्ज करने को लेकर निर्देश का अनुरोध किया गया।
ओझा ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को भी सह-आरोपी बताया है। सोनिया गांधी के साथ उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया है। मुजफ्फरपुर में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में शिकायत दर्ज कराने के बाद ओझा ने पत्रकारों से कहा, "सोनिया गांधी ने 'बेचारी' टिप्पणी करके राष्ट्रपति मुर्मू का अपमान किया है। यह देश की सर्वोच्च संवैधानिक प्राधिकारी का अपमान है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी इसमें सह-आरोपी हैं। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाना चाहिए।"
अदालत इस मामले की सुनवाई 10 फरवरी को करेगी। संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद सदन के बाहर पत्रकारों ने सोनिया गांधी से मुर्मू के लगभग एक घंटे लंबे संबोधन के बारे में पूछा था। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में सोनिया गांधी को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना गया, "राष्ट्रपति, अंत तक बहुत थक गई थीं...बेचारी, वह मुश्किल से बोल पा रही थीं।" एक क्लिप में दिखा है कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अभिभाषण को "उबाऊ" बताया। इस दौरान वहां प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं।
राष्ट्रपति भवन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संसद में अभिभाषण पर टिप्पणियों को अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि इससे पद की गरिमा को ठेस पहुंची है। राष्ट्रपति भवन ने एक बयान में कहा, "संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर मीडिया को प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पार्टी के कुछ प्रमुख नेताओं ने ऐसी टिप्पणियां की हैं, जो स्पष्ट रूप से पद की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं, इसलिए ये अस्वीकार्य हैं।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए इसके 'शाही परिवार' पर आदिवासी पृष्ठभूमि की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसके लिए पार्टी को माफी मांगनी चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति ने संसद के दोनों सत्रों को संबोधित करते हुए बेहतरीन भाषण दिया, लेकिन कांग्रेस का शाही परिवार उनके अपमान पर उतर आया है।
प्रधानमंत्री ने द्वारका में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, "कांग्रेस के शाही परिवार का अहंकार आज देश ने फिर देखा है। आज हमारी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद को संबोधित किया। उन्होंने देशवासियों की उपलब्धियों के बारे में बताया, विकसित भारत के दृष्टिकोण के बारे में बताया।"
उन्होंने कहा, "हिंदी उनकी मातृभाषा नहीं है, फिर भी उन्होंने बहुत ही बेहतरीन भाषण दिया, लेकिन कांग्रेस का शाही परिवार उनके अपमान पर उतर आया है।" मोदी ने कहा कि शाही परिवार के एक सदस्य ने कहा कि आदिवासी बेटी ने बोरिंग भाषण दिया और दूसरी सदस्य ने तो इससे भी एक कदम आगे बढ़ते हुए राष्ट्रपति मुर्मू को बेचारी और थकी हुई कहा।
उन्होंने कहा, "यह देश के आदिवासी भाई-बहनों का अपमान है।" PM मोदी ने कांग्रेस पर हाशिए पर मौजूद समुदायों की प्रगति में हमेशा बाधा डालने का भी आरोप लगाया। वहीं, कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी और पीएम मोदी पर सोनिया गांधी के बयान को तोड़ मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया।