Congress CWC meeting: कर्नाटक के बेलगावी में 1924 के कांग्रेस अधिवेशन का शताब्दी वर्ष समारोह मनाने के लिए लगाए गए पोस्टर पर भारत के मानचित्र को कथित रूप से गलत तरीके से पेश करने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इसे कांग्रेस की वोट बैंक की राजनीति करार दिया है। कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने शताब्दी समारोह के जश्न के तहत पूरे बेलगावी शहर में ये पोस्टर लगाए हैं। बीजेपी और कर्नाटक में इसकी सहयोगी जनता दल (सेक्युलर) के अनुसार, पोस्टर पर भारत के मानचित्र में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के गिलगित क्षेत्र के साथ-साथ वर्तमान में चीनी प्रशासन के अधीन अक्साई चिन क्षेत्र को भी शामिल नहीं किया गया है, जो जम्मू कश्मीर के अभिन्न अंग हैं।
