दिल्ली अब 15 अगस्त पर कौन झंडा फहराएगा? इसे लेकर एक नई बहस छिड़ गई है। ये बहस तब शुरू हुई, जब सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) मंत्री गोपाल राय ने सोमवार को विभाग को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री की इच्छा के अनुसार मंत्री आतिशी के तिरंगा फहराने के लिए बंदोबस्त किए जाएं। लेकिन GAD ने मंगलवार को कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी ओर से झंडा फहराने के लिए आतिशी को अधिकृत नहीं कर सकते। इसके लिए मंत्रालय ने नियम-कानून का भी हवाला दिया। यहां एक राजनीतिक सवाल ये भी है कि जब केजरीवाल के सबसे वफादार कहे जाने वाले मनीष सिसोदिया अब जेल से जमानत पर बाहर आ गए हैं, तो CM ने झंडा फहराने के लिए उनकी जगह आतिशी को ही क्यों चुना? इस सवाल का जवाब जानने से पहले आप इस पूरे मुद्दे को समझ लीजिए।
