शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत (Sanjay Raut) ने रविवार को चौंकाने वाला दावा करते हुए कि शिवसेना पार्टी के नाम एवं निशान ‘तीर-धनुष’ को ‘खरीदने’ के लिए अब तक 2000 करोड़ रुपये का सौदा हुआ है। हालांकि, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले धड़े के विधायक सदा सर्वांकर ने इस दावे का खंडन करते हुए सवाल किया, ‘क्या संजय राउत खजांची हैं।’ राउत ने एक ट्वीट में दावा किया कि 2000 करोड़ रुपये का शुरुआती आंकड़ा है और यह बात शत-प्रतिशत सच्ची है। उन्होंने पत्रकारों से यह भी कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन के करीबी एक बिल्डर ने उन्हें यह बात बताई है।
