उत्तर प्रदेश बीजेपी में सबकुछ ठीक नहीं चलने की अटकलों के बीच एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है। UP BJP प्रमुख भूपेंद्र चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने इस्तीफे की पेशकश की है। लोकसभा चुनाव में प्रदेश में बीजेपी के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने ये प्रस्ताव PM मोदी के सामने रखा है। भूपेंद्र चौधरी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। राज्य में उपचुनाव से पहले दोनों नेताओं के बीच दिल्ली में एक अहम बैठक हुई, जो करीब एक घंटे तक चली।
News18 ने BJP सूत्रों के हवाले से बताया कि भूपेंद्र चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश में बीजेपी के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा देने की पेशकश की।
PM मोदी से क्या हुई चर्चा?
सूत्रों की मानें,तो चौधरी ने पीएम मोदी को लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा संगठन के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। ऐसा माना जा रहा था कि राज्य में बीजेपी अध्यक्ष बदला जा सकता है। भगवा पार्टी इस पद के लिए किसी दलित चेहरे को तरजीह दे सकती है।
इसके कुछ देर बाद ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अब अगले कदम पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री आवास पहुंचे। पिछले कुछ दिनों से, उत्तर प्रदेश के बड़े BJP नेता राष्ट्रीय राजधानी में हैं और पार्टी आलाकमानों के साथ बैठकें कर रहे हैं।
UP में सरकार बनाम संगठन की लड़ाई!
इससे पहले, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की, जिससे बड़े बदलाव की चर्चा तेज हो गई। अब सवाल ये भी उठ रहे हैं कि क्या UP में BJP सरकार के नेतृत्व में यानि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद पर भी कोई बड़ा बदलाव हो सकता है? क्या ये सरकार बनाम संगठन की लड़ाई है, जो अब खुलकर सामने आ गई है।
ये घटनाक्रम ऐसे समय हुआ, जब कुछ घंटे पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव पर चर्चा के लिए लखनऊ में अपने घर पर राज्य के मंत्रियों से मुलाकात की। बैठक के दौरान राज्य में बाढ़ पर भी चर्चा की गई, जिसने अब तक 17 जिलों के 700 से अधिक गांवों को प्रभावित किया है।
UP BJP ने की उपचुनाव की तैयारी
लोकसभा चुनाव के कुछ हफ्तों बाद ही ऐसी बैठकों का दौर शुरू हो गया। क्योंकि सत्तारूढ़ BJP उत्तर प्रदेश में खराब प्रदर्शन करते हुए 33 सीटों पर सिमट गई, जो 2019 के मुकाबले 29 सीटों की गिरावट है।
सूत्रों ने बताया कि बैठक में उत्तर प्रदेश के सभी कैबिनेट मंत्री और राज्य मंत्री मौजूद थे। हालांकि, हैरानी तब हुई, जब इस बैठक में राज्य के दोनों डिप्टी सीएम- कैशव प्रसाद मौर्य और ब्रिजेश पाठक शामिल नहीं हुए।