कौन हैं हरप्रीत कौर बबला? AAP-कांग्रेस उम्मीदवार को हराकर चंडीगढ़ नगर निगम की चुनी गईं मेयर

Chandigarh mayoral polls: हरप्रीत कौर बबला ने गुरुवार को कांग्रेस-AAP गठबंधन की उम्मीदवार प्रेमलता को हराकर चंडीगढ़ मेयर का चुनाव जीत लिया। हालांकि गठबंधन उम्मीदवार के पास बीजेपी उम्मीदवार से ज्यादा वोट थे, लेकिन आप-कांग्रेस गठबंधन के तीन वोट क्रॉस करके बीजेपी उम्मीदवार बबला के पक्ष में कर दिए गए

अपडेटेड Jan 30, 2025 पर 6:15 PM
Story continues below Advertisement
Chandigarh mayoral polls: AAP-कांग्रेस गठबंधन के तीन वोट क्रॉस करके बीजेपी उम्मीदवार के पक्ष में कर दिए गए

Chandigarh mayoral polls 2025: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उम्मीदवार हरप्रीत कौर बबला गुरुवार (30 जनवरी) को चंडीगढ़ नगर निगम की नई मेयर चुनी गईं। उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस गठबंधन की उम्मीदवार प्रेम लता को महज दो वोटों के अंतर से हराया। बबला को 19 और लता को 17 मत मिले। कोई भी मत अमान्य नहीं पाया गया। पीठासीन अधिकारी रमणीक सिंह बेदी ने चुनाव परिणाम की घोषणा की। AAP-कांग्रेस गठबंधन उम्मीदवार के पास बीजेपी उम्मीदवार से ज्यादा वोट थे। लेकिन आप-कांग्रेस गठबंधन के तीन वोट क्रॉस करके बीजेपी उम्मीदवार बबला के पक्ष में कर दिए गए।

मेयर पद के लिए मुख्य मुकाबला बीजेपी और आम आदमी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन के बीच था। 35 सदस्यीय चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी के 13 और उसकी सहयोगी कांग्रेस के 6 पार्षद हैं। जबकि बीजेपी के 16 पार्षद हैं। इसके अलावा, चंडीगढ़ के सांसद को भी पदेन सदस्य के रूप में मतदान का अधिकार प्राप्त होता है। वर्तमान में कांग्रेस के मनीष तिवारी चंडीगढ़ के सांसद हैं।

भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार की जीत इस ओर इशारा करती है कि मतदान के दौरान क्रॉस वोटिंग हुई। सुप्रीम कोर्ट ने नगर निगम चुनाव के लिए रिटायर्ड जज जयश्री ठाकुर को स्वतंत्र पर्यवेक्षक नियुक्त किया था।


ये भी पढ़ें- बजट सत्र में किन मुद्दों पर होगी चर्चा? संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने दी जानकारी

कांग्रेस के खाते में दो सीट

AAP समर्थित कांग्रेस के प्रत्याशियों ने क्रमश: सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद अपने नाम की। कांग्रेस सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों के लिए चुनाव लड़ रही थी। सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए कांग्रेस उम्मीदवार जसबीर सिंह बंटी ने बीजेपी की बिमला दुबे को 19-17 के अंतर से हराया। डिप्टी मेयर पद पर कांग्रेस की तरुणा मेहता ने बीजेपी के लखबीर सिंह बिल्लू को 19-17 वोटों से मात दी।

बीजेपी की जीत पर पार्टी नेताओं ने इसे AAP-कांग्रेस गठबंधन की नाकामी बताया। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने इसे जनता द्वारा अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस की सुविधाजनक राजनीति को खारिज करने का संकेत बताया।

चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहींदर सिंह लक्की ने स्वीकार किया कि क्रॉस-वोटिंग हुई है। उन्होंने कहा कि वह AAP उम्मीदवार प्रेमलता के हारने से असहज हैं। लक्की ने कहा पीटीआई से कहा, "जिसने भी क्रॉस वोटिंग की होगी उसकी पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पदों के लिए गुरुवार सुबह 11:20 बजे से दोपहर 12:19 बजे तक गुप्त मतदान हुआ। सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक रिटायर्ड जज जयश्री ठाकुर की निगरानी में चुनाव संपन्न हुआ।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।