बचपन का प्यार मेरा भूल नहीं जाना (Bachpan ka Pyar Mera bhool nahi Jaana) गाने से देशभर में मशहूर हुए सहदेव दिर्दो (Sahdev Dirdo) एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सहदेव के सिर में गंभीर चोट आई है, जिससे सुकमा के जिला अस्पताल से जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज (Medical College in Jagdalpur) रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सहदेव अपने परिवार के सदस्यों के साथ सुकमा जा रहे थे, इस दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। इस हादसे में सहदेव को सिर पर गंभीर चोट आई है। सुकमा में प्राथमिक उपचार के बाद अब उन्हें जगदलपुर रेफर कर दिया गया है।
इधर, सहदेव का हाल जानने के लिए सुकमा के कलेक्टर विनीत नंदनवर और एसपी सुनील शर्मा भी जिला अस्पताल पहुंच गए। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। उन्होंने ट्वीट में सहदेव दिरदो की दुर्घटना की खबर पर दुःख जताते हुए कलेक्टर श्री विनीत नंदनवार को बेहतर इलाज कराने के निर्देश दिए हैं।
वहीं हादसे की सूचना मिलते ही रैपर बादशाह ने ट्वीट कर कहा कि मैं सहदेव के परिवार और दोस्तों के संपर्क में हूं। साथ ही उन्होंने प्रशंसकों से सहदेव के लिए प्रार्थना की अपील की है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ के रहने वाले सहदेव का बसपन का प्यार मेरा भूल नहीं जाना रे गाना खूब पॉपुलर हुआ था। नक्सल प्रभावित क्षेत्र पेंदलनार स्कूल में पांचवीं कक्षा में पढ़ते वक्त 26 जनवरी की तैयारी के दौरान सहदेव द्वारा यह गाना गाया गया था। हालांकि, उनकी आवाज काफी लड़खड़ा रही थी, लेकिन सहदेव का वीडियो लोगों को काफी पसंद आया था, जिस वजह से हर कोई इस पर रील बना रहा था। स्कूल में गाए उनके इस गीत पर तमाम लोगों ने रील्स बनाई हैं।
मशहूर रैपर बादशाह ने भी सहदेव के इस गाने का रीमिक्स वर्जन तैयार किया था। बादशाह के साथ इस वीडियो में सहदेव भी नजर आए थे। इसके अलावा सहदेव के इस गाने पर तमाम सेलेब्स ने इंस्टाग्राम पर रील्स बनाई हैं।