Biparjoy Cyclone: मुंबई के जुहू बीच (Mumbai Juhu beach) पर लाइफगार्ड की अनदेखी कर सोमवार को समुद्र में नहाने गए पांच लड़के बह गए। पुलिस ने कहा कि एक लड़के को तुरंत बचा लिया गया। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि जुहू कोलीवाड़ा के पास समुद्र में जाने के बाद लापता हुए चार लड़कों में से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं। नगर निकाय अधिकारियों ने बताया कि 16 वर्षीय धर्मेश वाल्जी फौजिया और 15 वर्षीय शुभम योगेश भोगनिया के शव बरामद किए गए हैं। जुहू कोलीवाड़ा (Juhu Koliwada) में 12 से 16 साल की उम्र के पांच लड़कों का एक ग्रुप सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे समुद्र तट में आधा किलोमीटर दूर गया था, लेकिन वह लौट नहीं सका। उनमें से एक को बचा लिया गया, लेकिन अन्य लड़कों के डूब जाने की आशंका जताई गई।
