कॉरपोरेट जगत में अक्सर कर्मचारी छुट्टी को लेकर परेशान रहते हैं। हालांकि चीन के एक भाग्यशाली कर्मचारी की इस मामले में लॉटरी लग गई है। कर्मचारी ने कंपनी की ओर से कराए गए लकी ड्रॉ में एक साल का पेड लीव (Paid Leaves) जीता है। यानी कर्मचारी पूरे एक साल तक छुट्टी पर रहेगा और उसे इस दौरान कंपनी की ओर से उसकी पूरी सैलरी भी मिलेगी। टुडे ऑनलाइन के मुताबिक, चीन के शेनझेन (Shenzhen) शहर में कंपनी ने बीते 9 अप्रैल को सालाना डिनर के दौरान इस लकी ड्रॉ का आयोजन किया था।
इस लकी ड्रॉ का एक वीडियो भी चाइनीज सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें वह कर्मचारी कथित रूप से ईनाम के तौर पर चेक लेता हुआ दिख रहा है, जिसमें पैसे की जगह एक साल का पेड लीव लिखा हुआ है।
इस लकी ड्रॉ में कर्मचारियों के लिए ईनाम के साथ-साथ कुछ जुर्माने भी शामिल थे। इस जुर्माने के तहत बतौर वेटर सबको ड्रिंक सर्व करना आदि जैसे सजाएं शामिल थी। हालांकि इसमें एक ईनाम पूरे साल भर की पेड लीव भी शामिल था। कंपनी का मानना था कि इस ईनाम को वास्तव में किसी के जीतने की संभावना काफी कम है।
रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी ने कोरोना महामारी के बाद करीब 3 सालों में पहली बार कर्मचारियों के लिए सालाना डिनर का आयोजन किया था।
इस लकी ड्रा का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना था। चेन नाम के कंपनी के एक प्रशासनिक कर्मचारी ने बताया कि उनके बॉस सहित हर कोई यह देखकर चौंक गया था कि वाकई में यह लकी ड्रॉ किसी ने जीत लिया है। उन्होंने कहा, “हमने कभी नहीं सोचा था कि यह ईनाम किसी के खाते में जाएगा। उसके बॉस तो दंग रह गए।"