'फ्लैट के बाहर लुंगी और नाइटी पहनकर न घूमें', ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी में जारी ड्रेस कोड पर बवाल

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर Phi 2 में स्थित हिमसागर अपार्टमेंट की आरडब्ल्यूए ने नोटिस जारी कर सोसाइटी में सुबह-शाम टहलने वाले लोगों को पहनावे पर ध्यान देने के लिए कहा है। नोटिस में कहा गया है कि लुंगी और नाइटी पहनकर सोसाइटी में कोई नहीं टहल सकता। आरडब्ल्यूए के अनुसार, इससे सोसाईटी के अन्य लोगों को असुविधा होती है

अपडेटेड Jun 14, 2023 पर 12:00 PM
Story continues below Advertisement
कई लोगों ने कपड़ों के संबंध में व्यक्तिगत पसंद का उल्लंघन करने के लिए आदेश की आलोचना की है

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) में स्थित हिमसागर अपार्टमेंट (Himsagar Apartment) सोसाइटी चर्चा में है। दरअसल, यहां पर लुंगी और नाइटी पहनकर सोसाइटी में टहलने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। सोसाइटी का एक नोटिस खूब सुर्खियां बटोर रहा है। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर Phi 2 में स्थित हिमसागर अपार्टमेंट की आरडब्ल्यूए ने नोटिस जारी कर सोसाइटी में सुबह-शाम टहलने वाले लोगों को पहनावे पर ध्यान देने के लिए कहा है। नोटिस में कहा गया है कि लुंगी और नाइटी पहनकर सोसाइटी में कोई नहीं टहल सकता। आरडब्ल्यूए के अनुसार, इससे सोसाईटी के अन्य लोगों को असुविधा होती है। इस आदेश का यहां रहने वाले कुछ लोगों ने विरोध किया है।

वायरल हुआ सर्कुलर

टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) की एक रिपोर्ट के अनुसार, हिमसागर अपार्टमेंट द्वारा 10 जून को जारी सर्कुलर में विशेष रूप से निवासियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने फ्लैट के बाहर लुंगी और नाइटी न पहनें। इस फैसले का समर्थन करते हुए कुछ निवासियों ने सर्कुलर का स्वागत किया है। जबकि कई लोगों ने कपड़ों के संबंध में व्यक्तिगत पसंद का उल्लंघन करने के लिए आदेश की आलोचना की है।


आरडब्ल्यूए ने सभी निवासियों से अनुरोध किया है कि वे इस ड्रेस कोड को मानें। इस सोसाइटी में बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) से रिटायर्ड और सेवारत लोग रहते हैं। आरडब्ल्यूए सचिव ने अखबार से कहा कि सभी से अपेक्षा की जाती है कि आप सोसाइटी में किसी भी समय टहलें तो अपने आचरण और पहनावे का विशेष ध्यान रखें। बड़ों के आचार व्यवहार से ही बालक बालिकाएं सीखते हैं। ऐसे में सभी से अनुरोध है कि लुंगी और नाइटी जो कि घर का पहनावा है उसे पहनकर बाहर न घूमें।

एसोसिएशन का बयान

टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए हिमसागर अपार्टमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष सीके कालरा ने स्पष्ट किया कि उनका इरादा भेदभाव करने का नहीं था, लेकिन परिसर में दैनिक योग के दौरान ढीले कपड़े पहनने की कई शिकायतें मिलने के बाद निवासियों से दिशानिर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया है।

कालरा ने आगे कहा कि कुछ दिन पहले, कुछ महिलाओं ने एक वरिष्ठ नागरिक द्वारा लुंगी पहनकर योग करने की शिकायत की थी। पहले तो हमने लोगों से मौखिक रूप से अनुरोध किया। बाद में एसोसिएशन ने एक सर्कुलर जारी करने का फैसला किया।

ये भी पढ़ें- ED की गिरफ्तारी के बाद फूट-फूटकर रोने लगे तमिलनाडु के बिजली मंत्री, तबीयत बिगड़ने के बाद अस्‍पताल में भर्ती

सर्कुलर में लिखा है, "निवासियों से अनुरोध है कि जब भी आप किसी भी समय सोसाइटी में घूमें तो अपने आचरण और पहनावे पर विशेष ध्यान दें ताकि आप किसी को भी अपने व्यवहार पर आपत्ति करने का मौका न दें। आपके बच्चे भी आपसे सीखते हैं। इसलिए सभी से गुजारिश है कि लुंगी और नाइटी पहनकर न घूमें, जो कि घर में पहनने वाले कपड़े हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।