भारत के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति गौतम अदाणी की वित्त वर्ष 2023-24 में कुल सैलरी 9.26 करोड़ रुपये रही। यह इंडस्ट्री में उनके अन्य समकक्षों के साथ-साथ उनके अपने प्रमुख एग्जीक्यूटिव्स की तुलना में भी काफी कम है। गौतम अदाणी, अदाणी ग्रुप के फाउंडर और चेयरमैन हैं। अदाणी समूह की 10 लिस्टेड कंपनियों की वार्षिक रिपोर्ट से पता चलता है कि ग्रुप की 10 में से केवल 2 फर्मों से अदाणी ने वेतन लिया। समूह की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड से वित्त वर्ष 2023-24 में उन्हें वेतन के रूप में 2.19 करोड़ रुपये, और लाभ और अन्य भत्तों के रूप में 27 लाख रुपये मिले।
अदाणी एंटरप्राइजेज की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, 2.46 करोड़ रुपये का गौतम अदाणी का कुल वेतन इससे पिछले वित्त वर्ष 2022-23 की तुलना में 3 प्रतिशत अधिक है। गौतम अदाणी ने अदाणी एंटरप्राइजेज से कोई कमीशन नहीं लिया। दूसरी ओर उन्हें अदाणी पोर्ट्स एंड सेज से 6.8 करोड़ रुपये की सैलरी हासिल हुई। अदाणी पोर्ट्स से उन्हें कमीशन के तौर पर 5 करोड़ रुपये मिले। कंपनी की वार्षिक रिपोर्ट में कहा गया है कि कंपनी से अदाणी को प्राप्त कुल पारिश्रमिक में 1.8 करोड़ रुपये सैलरी और 5 करोड़ रुपये कमीशन शामिल है। यह कमीशन वित्त वर्ष 2024-25 में देय होगा।
सुनील भारती मित्तल, राजीव बजाज, पवन मुंजाल से कितनी कम है सैलरी
गौतम अदाणी की सैलरी भारत के लगभग सभी बड़े परिवार के मालिकाना हक वाले समूहों के प्रमुखों से कम है। देश के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी कोविड-19 के बाद से कोई सैलरी नहीं ले रहे हैं। इससे पहले उनका वेतन सालाना 15 करोड़ रुपये पर सीमित था। गौतम अदाणी की सैलरी भारती एयरटेल के सुनील भारती मित्तल, बजाज ऑटो के राजीव बजाज, हीरो मोटोकॉर्प के पवन मुंजाल, एलएंडटी के एस एन सुब्रमण्यन और इंफोसिस के सीईओ सलिल एस पारेख से काफी कम है। मित्तल की सैलरी वित्त वर्ष 2022-23 में 16.7 करोड़ रुपये थी। राजीव बजाज की सैलरी 53.7 करोड़ रुपये और पवन मुंजाल की सैलरी 80 करोड़ रुपये पर है।
एग्जीक्यूटिव्स कितना पा रहे वेतन
अदाणी एंटरप्राइजेज बोर्ड में डायरेक्टर और प्रमुख एग्जीक्यूटिव विनय प्रकाश की कुल सैलरी वित्त वर्ष 2024 में 89.37 करोड़ रुपये रही। समूह के सीएफओ जुगेशिंदर सिंह को 9.45 करोड़ रुपये का वेतन मिला। अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के सीईओ विनीत एस जैन को 15.25 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया, जबकि अदाणी टोटल गैस लिमिटेड के सीईओ सुरेश पी मंगलानी को 6.88 करोड़ रुपये मिले। अदाणी विल्मर के सीईओ अंगशु मलिक को 5.15 करोड़ रुपये मिले। अदाणी पावर के सीईओ एस बी ख्यालिया को 5.63 करोड़ रुपये वेतन के तौर पर मिले।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के अनुसार, गौतम अदाणी की कुल संपत्ति 106 अरब अमेरिकी डॉलर है। वह 2022 में सबसे अमीर एशियाई बन गए थे लेकिन अमेरिकी शॉर्ट-सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की एक रिपोर्ट के बाद पिछले साल उनके समूह की कंपनियों के शेयरों की मार्केट वैल्यू 150 अरब डॉलर तक घट गई। दुनिया के अमीरों की सूची में अंबानी 111 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 12वें स्थान पर हैं। वहीं अदाणी इस सूची में 14वें स्थान पर हैं।