Greater Noida College Shocker: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) की एक रिपोर्ट के अनुसार, ग्रेटर नोएडा के बादलपुर में कुमारी मायावती गवर्नमेंट गर्ल्स पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ने वाली 172 लड़कियों ने अपना गर्ल्स हॉस्टल छोड़ दिया है। लड़कियों का आरोप है कि रात में कुछ लोगों का ग्रुप उनके हॉस्टल में दाखिल होकर उनका दरवाजा खटखटाते थे। लड़कियों ने बताया कि पिछले एक हफ्ते में ये लोग इस तरह बार-बार कॉलेज में ऐसी घुसपैठ कर चुके हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले सप्ताह रविवार आधी रात के बाद कुछ लोगों का एक समूह कॉलेज कैंपस में जबरन घुस गया था। इस घटना के बाद सोमवार को कॉलेज कैंपस में विरोध प्रदर्शन भी हुए।
