VIDEO: इस देश के प्रधानमंत्री भी हैं 'मोदी भक्त', दावोस में हुई मुलाकात के बाद सीएम शिंदे ने किया खुलासा, देखें वीडियो

Modi Bhakt: मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि लक्जमबर्ग के प्रधानमंत्री ने मुझे बताया कि उन्होंने पीएम मोदी के साथ एक फोटो क्लिक की थी और मुझे इसे दिखाने के लिए कहा था। सीएम ने कहा कि उन्होंने मुझे बताया कि वह मोदी भक्त हैं। मोदी जी न केवल भारत में बल्कि दुनिया भर में लोकप्रिय हैं

अपडेटेड Jan 20, 2023 पर 4:34 PM
Story continues below Advertisement
Modi Bhakt: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मुताबिक, लक्जमबर्ग के पीएम ने उन्हें बताया कि वह भी 'मोदी भक्त' हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) गुरुवार को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के दौरे पर थे। इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने लक्जमबर्ग के प्रधानमंत्री जेवियर बेटटेल (Luxembourg PM Xavier Bettel) के साथ बातचीत के बारे में डिटेल्स शेयर करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी न केवल भारत में, बल्कि दुनिया भर में बेहद लोकप्रिय हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि लक्जमबर्ग के प्रधानमंत्री ने उनसे कहा था कि वह पीएम मोदी के बहुत बड़े फैन हैं। सीएम के मुताबिक, लक्जमबर्ग के पीएम ने उन्हें बताया कि वह भी 'मोदी भक्त (Modi Bhakt)' हैं।

मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि लक्जमबर्ग के प्रधानमंत्री ने मुझे बताया कि उन्होंने पीएम मोदी के साथ एक फोटो क्लिक की थी और मुझे इसे दिखाने के लिए कहा था। सीएम ने कहा कि उन्होंने मुझे बताया कि वह मोदी भक्त हैं। मोदी जी न केवल भारत में बल्कि दुनिया भर में लोकप्रिय हैं।

'मोदी, मोदी' के नारों के बीच प्रधानमंत्री की मौजूदगी में एक मेगा कार्यक्रम में बोलते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा, 'दावोस में मेरी मुलाकात लक्जमबर्ग के प्रधानमंत्री से हुई। उन्होंने मुझे बताया कि वह भी मोदी भक्त हैं। उन्होंने मेरे साथ तस्वीर खिंचवाई और कहा कि यह फोटो पीएम मोदी को दिखाना। मैं जर्मनी और सऊदी अरब में कई लोगों से मिला। उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या आप मोदी जी के साथ है। मैंने उनको बताया कि मैं पीएम मोदी का ही आदमी हूं।'


पीएम मोदी की तारीफ करते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा कि दावोस में दुनिया के अलग-अलग देशों के लोग आए थे। कई देशों के प्रधानमंत्री, मंत्री और नेता आए थे। मुझे बड़ी खुशी हो रही है कि मोदी जी की लोकप्रियता का डंका दावोस में भी सुनाई दिया। सीएम ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हमें 1,55,000 करोड़ रुपये के MOUs (memorandums of understanding) मिले। लेकिन इन सबके पीछे प्रधानमंत्री जी का आशीर्वाद था।

शिंदे ने मंच पर पीएम मोदी की उपस्थिति में मुंबई में एक कार्यक्रम में दावोस में यूरोपीय देश के नेता के साथ हुई अपनी मुलाकात को याद किया। बुधवार को दावोस में विश्व आर्थिक मंच की बैठक से लौटे शिंदे ने उस कार्यक्रम में यह बात कही जिसमें मोदी ने 38,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था।

ये भी पढ़ें- सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के लिए सरकार ने जारी की नई गाइडलाइंस, उल्लंघन करने पर लगेगा 50 लाख रुपये तक का जुर्माना

प्रधानमंत्री मोदी ने सार्वजनिक परिवहन सिस्टम की नई सेवाओं का उद्घाटन करने के बाद गुरुवार शाम मुंबई में मेट्रो ट्रेन में सफर भी किया। उन्होंने गुंदावली और मोगरा स्टेशनों के बीच मेट्रो ट्रेन में यात्रा की और युवाओं, महिलाओं और मेट्रो रेल कर्मचारियों के एक समूह के साथ बातचीत की। ये दो स्टेशन मेट्रो लाइन 7 फेज 2 का हिस्सा हैं, जिसका उद्घाटन उनके द्वारा किया गया था।

यात्रा के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस प्रधानमंत्री के साथ थे। पीएम मोदी ने बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में एमएमआरडीए मैदान में आयोजित एक समारोह में लगभग 12,600 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मुंबई मेट्रो रेल लाइन 2A और 7 का उद्घाटन किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।