नासा (NASA) के वर्ल्डव्यू सैटेलाइट से मिली इमेज के मुताबिक पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में 740 फीसदी तक का इजाफा देखने को मिला है। नासा की तरफ से जो तस्वीरें जारी की गई हैं उनके मुताबिक यह देखा जा सकता है कि 29 अक्टूबर के दिन बढ़कर 1,068 हो गई थी। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स में भी यह बात निकल कर सामने आई है कि 25 अक्टूबर के मुकाबले 26 अक्टूबर के दिन पराली जलाने की घटनाओं में इजाफा हुआ था। इसके अलावा 29 अक्टूबर के दिन भी खेतों में आग जलाने की घटनाओं में इजाफा हुआ था। हालांकि मीडिया रिपोर्टों से पता चलता है कि इस साल, पंजाब में पिछले साल की तुलना में 15 सितंबर से 29 अक्टूबर के बीच खेतों में आग लगने की घटनाओं में 57 प्रतिशत की गिरावट देखी गई।
पराली जलाने की सामने आ चुकी हैं इतनी घटनाएं
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक आधिकारिक डेटा में ऐसा बताया गया है कि 15 सितंबर से 29 अक्टूबर तक राज्य में 5,254 खेतों में आग लगने की घटनाएं हुईं, जबकि पिछले वर्ष ऐसे 12,112 मामले थे। इस बीच, हरियाणा सरकार ने दावा किया कि पराली जलाने पर नासा की तरफ से जारी इमेज दिल्ली और पंजाब की तरफ से पराली जलाने की घटनाओं में कमी आने के दावों की पोल खोलते हैं। हरियाणा सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि पंजाब सरकार लगातार ही ऐसा दावा करती है कि पराली जलाने की घटनाओं में कमी आई है। जबकि दिल्ली सरकार हरियाणा पर पराली जलाने का आरोप लगाती रही है।
क्या कहा हरियाणा सरकार के प्रवक्ता ने
हरियाणा सरकार के प्रवक्ता ने आगे कहा कि आरोप लगाने के बजाय, पंजाब सरकार को अपने राज्य में पराली जलाने की घटनाओं को कम करने पर ध्यान देना चाहिए। इसके लिए पंजाब सरकार को हरियाणा की नीतियों को अपनाने और अपने राज्य में किसानों को अनुदान के अनुरूप फसल अवशेष प्रबंधन के बारे में जागरूकता देने पर विचार करना चाहिए।
दिल्ली में हवा की हालत लगातार हो रही है खराब
दिल्ली में हवा की क्वालिटी के गंभीर स्तर तक गिरने के एक दिन बाद ही मौसम में बदलाव की वजह से भी दिल्ली की हवा जहरीली होती जा रही है। रात के वक्त भी तापमान में गिरावट देखने को मिल रहा है। जिस वजह से भी दिल्ली में हवा की क्वालिटी और भी ज्यादा खराब हो रही है। दिल्ली में इस सर्दी में पहली बार गुरुवार शाम को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 427 दर्ज किया गया। वहीं शुक्रवार की सुबह हवा की क्वालिटी 500 तक पहुंच गई थी।
दिल्ली में फैली है धुंध की मोटी चादर
दिल्ली सहित पूरे NCR में धुंध की मोटी चादर छाई हुई है। शुक्रवार की सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर दृश्यता 500 मीटर से भी ज्यादा कम थी। दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पॉन्स ऐक्शन प्लान (GARP) का तीसरा स्टेज पहले से ही लागू कर दिया गया है। वहीं दिल्ली के पड़ोंसी राज्यों पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान के साथ-साथ मध्य प्रदेश में पिछले दो दिनों में आग लगने की 4,878 घटनाएं दर्ज की गई हैं।
अचानक से इस वजह से खराब हो रही है दिल्ली की हवा
राजधानी दिल्ली हर साल ही सर्दियों के मौसम में हवा की खराब क्वालिटी से जूझती है। इसकी एक वजह वेंटिलेशन इंडेक्स में गिरावट को माना जा सकता है। वेंटिलेशन इंडेक्स हर दिन बदलता भी रहता है। 10 किमी प्रति घंटे से कम औसत हवा की गति के साथ 6,000 m2/s से कम सूचकांक हवा की गुणवत्ता के लिए खराब है। इसका मतलब है कि खराब हव ऊपर नहीं उठेगी और धुंध भी बनी रहेगी।