भारत की सबसे तेज चलने वाली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत (Vande Bharat) ट्रेन को देश भर में काफी ज्यादा पसंद किया जा रहा है। यह ट्रेन औसत 160 KM प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने में सक्षम है और इसकी मैक्सिमम स्पीड 180 KM तक बताई जाती है। इसके साथ ही इस ट्रेन में कई सारी मॉडर्न और हाईटेक सुविधाओं से लैस किया गया है जिस वजह से देश भर के रेल यात्री इस ट्रेन में यात्रा करने को वरीयता दे रहे हैं। अब तक इस ट्रेन को 10 रुटों पर चलाया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही एक और नई वंदे भारत ट्रेन की सौगत देश वासियों को मिल सकती है। आइये जानते हैं इस ट्रेन से जुड़ी सारी डिटेल।
किस रूट पर चलेगी नई वंदे भारत ट्रेन
देश की अगली वंदे भारत ट्रेन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से नई दिल्ली के बीच चलाई जा सकती है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि अगली वंदे भारत ट्रेन अप्रैल से यानी कि अगले महीने से ही चलाई जा सकती है। यह मध्य प्रदेश की पहली वंदे भारत ट्रेन होगी। मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक वंदे भारत ट्रेन का रैक भोपाल के कमलापति रेलवे स्टेशन पर पहुंच गया है। यह ट्रेन भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बीच चलाई जाएगी।
कितनी देर में तय करेगी दूरी
भोपाल से नई दिल्ली के बीच चलने वाली नई वंदे भारत ट्रेन 694 KM तक की दूरी का सफर 7.45 घंटे में तय करेगी। ऐसी संभावना व्यक्त की जा रही है कि अप्रैल के पहले हफ्ते में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। बता दें कि फिलहाल नई दिल्ली से भोपाल के बीच चलने वाली सबसे तेज ट्रेन शताब्दी एक्सप्रेस है। अगर इस रूट पर वंदे भारत ट्रेन को चलाया जाता है तो यह ट्रेन शताब्दी एक्सप्रेस के मुकाबले 1 घंटे 5 मिनट कम समय लिया करेगी। दिलचस्प बात ये है कि एक वक्त तक नई दिल्ली से भोपाल के बीच चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस भारत की सबसे तेज चलने वाली ट्रेन थी।